जब शाहरुख से पिता ने कहा- 'इस देश को वैसे ही आजाद रखना जैसा मैं तुम्हें दे रहा हूं' ,पुराना VIDEO वायरल
नई दिल्ली, 09 फरवरी। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान को हाल ही में काफी ट्रोल करने की कोशिश की गई थी, हालांकि हेटर्स उसमें सफल नहीं हो पाए। दरअसल रविवार को जब शहरुख खान मुंबई के शिवाजी पार्क में स्वरकोकिला लता मंगेशकर को अंतिम प्रणाम करने पहुंचे थे तो वहां उन्होंने उनके पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाने के बाद दुआ पढ़ी और फिर अपना मास्क नीचे करके लता मंगेशकर के पैर के पास फूंक मारी, जो कि आम तौर पर दुआ के बाद किया जाता है, इसके बाद उन्होंने लता मंगेशकर के पैर भी छूए थे।

बिना सोचे-समझे शाहरुख को ट्रोल करने लगे...
लेकिन सोशल मीडिया पर ये अफवाह फैल गई कि शाहरुख ने लता मंगेशकर के पैर पर थूका है ,बस इसके बाद लोग बिना सोचे-समझे शाहरुख को ट्रोल करने लगे और उनके खिलाफ बयानबाजी करने लगे, हालांकि वो सफल नहीं हो पाए और किंग खान के चाहने वालों ने उनके खिलाफ बयानबाजी करने वालों की क्लास लगा दी। बहुत सारे दिग्गजों ने भी शाहरुख के पक्ष में अपनी बात कही है। फिलहाल शाहरुख के हेटर्स और आलोचक दोनों ही आपस में लड़ते रहे लेकिन किंग खान की ओर से इस बारे में कुछ कहा नहीं गया।

शाहरुख खान का पुराना VIDEO वायरल
तो वहीं इसी बीच शाहरुख खान का एक पुराना वीडियो इस वक्त सुर्खियों में आ गया है। इस वीडियो में किंग खान ने भारत के बारे में जो कहा है,उसे सुनने के बाद ट्रोलर्स को जरूर ये एहसास होगा कि वो शाहरुख को गलत ट्रोल कर रहे थे। ये वीडियो साल 1997 का है, जिसे कि इंस्टाग्राम पर मशहूर डांसर और कोरियोग्राफर राघव जुयाल ने शेयर किया है, जो कि इस वक्त तेजी से वायरल हो गया है।

... क्योंकि हम इस देश के मालिक नहीं हैं...
ये वीडियो किसी इंटरव्यू का है, जिसमें शाहरुख ने भारत देश को लेकर बातें कहीं हैं। वो कह रहे हैं कि 'मुझे याद है जब हम बच्चे थे तब हमें स्कूल में एक निबंध लिखना पढ़ता था 'मेरा देश भारत', मुझे लगता है यह बदलना चाहिए, इसे ऐसा होना चाहिए 'भारत एक देश है और हम यहां के निवासी हैं', क्योंकि हम इस देश के मालिक नहीं हैं, मालिकाना हक का यह मतलब नहीं कि यह सिर्फ हमारा भारत है, इसका मतलब तो यह है कि हमें इस देश के लिए क्या करना है?'

'इस देश को वैसे ही आजाद रखना जैसा मैं तुम्हें दे रहा हूं'
शाहरुख आगे कहते हैं कि 'उस संदर्भ में हमें एंटी-नेशनल, एंटी-सोशल जो भी नाम दिए जाएं, आखिर में ये वही लोग हैं जो खुद को भारत का हिस्सा नहीं समझते हैं। मुझे इस बात का बुरा लगता है क्योंकि मेरे परिवार ने भी इस देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है,मुझे अपने पिता की कही बातें याद आती हैं। उन्होंने मुझसे कहा था कि- 'इस देश को वैसे ही आजाद रखना जैसा मैं तुम्हें दे रहा हूं।'

कौन थे शाहरुख के पिता?
आपको बता दें कि शाहरुख खान के पिता के नाम मीर ताज मोहम्मद खान था। वे एक स्वतंत्रता सेनानी थे, वो पेशे से इंजीनियर थे। उनका जन्म पाकिस्तान के पेशावर में हुआ था लेकिन 1947 में भारत-पाक विभाजन के दौरान वो पेशावर छोड़कर दिल्ली आ गए थे। ने हॉकी खेलते थे और चाहते थे कि शाहरुख भी हॉकी खेले, वो अक्सर ये बात अपने बेटे से कहते भी थे लेकिन जब शाहरुख 15 वर्ष के थे, तब उनके पिता का कैंसर के कारण निधन हो गया । उनके पिता के जाने के बाद शाहरुख के परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा था। इस बात का जिक्र खुद किंग खान ने अपने कई इंटरव्यू में किया है।
यहां देखें शाहरुख का Video












Click it and Unblock the Notifications