जब दिव्या भारती ने वरुण धवन के लिए बनाया था ऑमलेट, एक्टर ने बताई दिलचस्प कहानी
मुंबई, 24 अप्रैल। बद्रीनाथ की दुल्हनिया, बदला जैसी सुपरहिट फिल्में देने वाले वरुण धवन 35 साल के हो गए हैं, आज उनका जन्मदिन है, उन्होंने 2012 में अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। लेकिन बचपन से ही वह फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों के बीच रहे हैं। उनके पिता डेविड धवन ने कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। एक पुराने इंटरव्यू में वरुण धवन ने दिवंगत अभिनेत्री दिव्या भारती से जुड़ा एक किस्सा साझा किया था, जिसमे वह कहते हैं कि दिव्या भारती ने उनके लिए ऑमलेट बनाया था।

दिव्या भारती ने जब बनाया था ऑमलेट
वरुण धवन ने बताया कि जब फिल्म शोला और शबनम की शूटिंग हो रही थी तो उस फिल्म को मेरे पिता डेविड धवन डायरेक्ट कर रहे थे। दिव्या भारती इस फिल्म में मुख्य भूमिका में थी। 2019 में बॉलीवुड हंगामा को दिए एक इंटरव्यू में उनके एक फैन के सवाल को पूछा गया। वरुण के फैन ने उनसे पूछा कि अगर आप वापस 80 के दौर में जा सके या 90 के दौर में जा सकें तो आप किस अभिनेत्री के साथ काम करना चाहेंगे। जिसके जवाब में वरुण कहते हैं कि पहली अभिनेत्री होंगी दिव्या भारती, मुझे उनके साथ काम करना काफी अच्छा लगता।

साझा की दिव्या भारती के साथ की यादें
दिव्या भारती के साथ अपनी यादों को साझा करते हुए वरुण धवन ने बताया कि मेरी उनके साथ बचपन की यादें जुड़ी हैं, जब मैं बच्चा था तो भूख से काफी रोता था, उस वक्त दिव्या भारती ने मेरे लिए ऑमलेट बनाया था। जब शोला और शबनम फिल्म की शूटिंग हो रही थी तब की यह घटना है। इसके बाद वरुण ने बताया कि वह करिश्मा कपूर के साथ काम करना चाहेंगे, वह मेरी हमेशा से पसंदीदा अभिनेत्री हैं। यह करिश्मा जी को भी पता है। मैं लोलो से प्यार करता हूं, तीसरी अभिनेत्री की बात करूं तो वह जूही चावला होंगी क्योंकि मुझे उनकी कॉमेडी पसंद है।

दिव्या भारती ने महज एक साल इंडस्ट्री में किया काम
बता दें कि दिव्या भारती ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1992 में सनी देओल के साथ विश्वात्मा फिल्म से की थी। उसी साल उन्हें फिल्म दीवाना के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था। 1993 में दिव्या भारती की एक बिल्डिंग से गिरने से मौत हो गई थी। वहीं वरुण धवन की बात करें तो वो आखिरी बार कुली नंबर 1 फिल्म में नजर आए थे, इस फिल्म में उन्होंने राजू कुली का किरदार निभाया था। पिछले साल वरुण की फिल्म भेदिया का पोस्टर सोशल मीडिया पर रिलीज हुआ था। इस फिल्म को अमर कौशिक डायरेक्ट कर रहे हैं और दिनेश विजन प्रोड्यूस कर रहे हैं।

जुग जुग जियो में आएंगे नजर
वरुण धवन अभिनेत्री कृति सेनॉन, जानवी कपूर और फ्लोरा सैनी के साथ फिल्म भेदिया में नजर आएंगे। यह फिल्म इस साल 25 नवंबर को रिलीज होगी। फिल्म भेदिया के अलावा वरुण जुग जुग जियो में भी नजर आएंगे। यह कॉमेडी ड्रामा फिल्म है, जिसे राज मेहता डायरेक्ट कर रहे हैं जबकि हीरू यश जौहर, करन जौहर, अपूर्व मेहता इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में वरुण के अलावा अिल कपूर, नीतू कपूर, कियारा आडवाणी, प्राजक्ता कोली, मनीष पॉल नजर आएंगे। यह फिल्म 23 जून 2022 को रिलीज होगी।












Click it and Unblock the Notifications