अनुराग कश्यप की 'निशानची' में छाए विनीत कुमार सिंह, इस किरदार में झोंकी जान
अनुराग कश्यप की हालिया रिलीज 'निशानची' इस वक्त सुर्खियों में छाई हुई है। इस फिल्म में एक बार फिर उन्होंने अपने नगीने एक्टर्स लिए हैं। इसमें विनीत कुमार सिंह भी हैं। जिन्होंने अपने अभिनय का लोहा मनवाया है। भले ही फिल्म में नए हीरो ऐश्वर्य ठाकरे मुख्य भूमिका में हों इसके बावजूद उन्होंने मजबूती से अपना अभिनय दिखाया है।
फिल्म के सबसे बड़े सरप्राइज पैकेज विनीत कुमार सिंह हैं, जिनका किरदार फिल्म की रीढ़ की हड्डी जैसा है। उनके किरदार का नाम 'जबरदस्त' है। वह सच में यही कमाल कर दिखाते हैं। 'जबरदस्त' एक सीधा-साधा पहलवान है, जिसके सपने एक साजिश का शिकार होकर टूट जाते हैं।

विनीत ने अपनी आँखों और भावों से इस किरदार की सारी उदासी और उम्मीद को बखूबी व्यक्त किया है। उनका शानदार अभिनय इतना गहरा और प्रभावी है कि वह फिल्म का भावनात्मक केंद्र बन जाता है। 'जबरदस्त' के रूप में उनका प्रदर्शन इस बात का ठोस प्रमाण है कि सच्चा अभिनय केवल संवादों तक सीमित नहीं होता, बल्कि किरदार को महसूस करने में होता है।
यह साल विनीत कुमार सिंह के नाम रहा है। इस साल रिलीज हुई 'छावा', 'सुपरबॉयज ऑफ मालेगांव' और 'रंगीन' के बाद अब 'निशानची' में भी वह महफिल लूट रहे हैं। फिल्म रिलीज से पहले उनके किरदार को बेहद गुप्त रखा गया था, लेकिन अब उनकी खूब तारीफें हो रही हैं। उनके करियर की पहली ऐतिहासिक फिल्म 'छावा' में उन्होंने कवि कलश के किरदार को जिस तरह से जीवंत किया, वह सिनेमा के इतिहास के पन्नों में दर्ज हो चुका है। इसी तरह, 'मुक्काबाज' में उन्होंने जिस तरह का शारीरिक और मानसिक कायापलट किया था, उसने उन्हें अभिनय के एक असाधारण स्तर पर पहुंचा दिया।
विनीत की सबसे बड़ी खासियत यही है कि उनके अभिनय में कोई दोहराव नहीं दिखता। वह हर किरदार में एक नए और प्रभावी तरीके से अपनी अमिट छाप छोड़ते हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि उन्होंने अपनी लगन और दमदार काम से इंडस्ट्री में एक अलग मुकाम बनाया है और वे उस पहचान और सम्मान के हकदार हैं, जिसकी हर प्रतिभाशाली कलाकार को तलाश रहती है।












Click it and Unblock the Notifications