आमिर खान से लेकर रणवीर सिंह तक की कायाकल्प बदल चुके मेकअप आर्टिस्ट विक्रम गायकवाड़ का निधन, मौत का कारण अज्ञात
Vikram Gaikwad Passed Away: फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद बुरी खबर सामने आई है। नेशनल अवॉर्ड विनर विक्रम गायकवाड़ का शनिवार 10 मई को निधन हो गया है। उनके निधन की खबर सुन हर कोई स्तब्ध है। विक्रम ने अपने काम से बॉलीवुड, मराठी और साउथ फिल्म इंडस्ट्री में नाम बनाया था। विक्रम को उनके करियर में अलग-अलग फिल्मों में बेस्ट मेकअप करने के लिए सात बार नेशनल अवॉर्ड भी मिल चुके हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गायकवाड़ के निधन शोक जताते हुए लिखा, सिल्वर स्क्रीन पर किरदारों को जीवंत करने वाला जादूगर चला गया। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मेकअप आर्टिस्ट विक्रम गायकवाड़ का आज निधन हो गया। उनके जाने से हमने एक ऐसा जादूगर खो दिया है, जो मेकअप के ज़रिए किरदारों को स्क्रीन पर जीवंत कर देता था।

फिल्म 'सरदार' से मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर अपना करियर शुरू करने वाले गायकवाड़ ने पानीपत, बेल बॉटम, उरी-द सर्जिकल स्ट्राइक, ब्लैकमेल, दंगल, पीके, सुपर 30, केदारनाथ, ठग्स ऑफ हिंदोस्तान, शहीद भगत सिंह जैसी कई हिंदी फिल्मों और बालगंधर्व, काशीनाथ घनेकर, लोकमान्य, कटियार कालजात घुसली, फतेहीशकस्त, पवनखंड, शेर शिवराज है जैसी मराठी सिनेमा की कई ऐतिहासिक फिल्मों के लिए मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर काम किया। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर बनी ऐतिहासिक ड्रामा 'जांता राजा' के लिए भी मेकअप किया था। उन्हें 2013 में अपनी बंगाली फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ मेकअप आर्टिस्ट का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। तब से वे सात बार यह सम्मान जीत चुके हैं। असंभव लगने वाले काम को संभव बनाने और मेकअप के ज़रिए निर्देशक द्वारा इच्छित किरदार को गढ़ने की कला उनमें कूट-कूट कर भरी थी। उनके निधन से एक कुशल मेकअप कलाकार हमसे दूर चला गया और कला जगत को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। मेरी और शिवसेना पार्टी की ओर से विक्रम गायकवाड़ को भावभीनी श्रद्धांजलि।
वहीं, थ्री इडिट्स, पीके और दंगल जैसी फिल्मों में विक्रम के साथ काम कर चुके आमिर ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, बहुत अफसोस के साथ लीजेंड्री मेकअप आर्टिस्ट विक्रम गायकवाड़ को अलविदा बोलना पड़ रहा है। वो अपने काम में माहिर थे। हम मिस करेंगे आपको दादा।
गायकवाड़ की मृत्यु के कारण के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। महाराष्ट्र टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार 10 मई को दादर, मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर हुआ। उद्योग और प्रशंसक अभी भी ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्ति के नुकसान से उबर नहीं पाए हैं, जिनकी फिल्म और मेकअप कला में विरासत को हमेशा याद रखा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications