Urmila Kothare की कार एक्सीडेंट मामले में 3 दिन बाद आया बड़ा अपडेट, पुलिस ने बताई हादसे की सच्चाई
Urmila Kothare: मराठी फिल्मों की मशहूर एक्ट्रेस उर्मिला कोठारे की कार का गत 28 दिसंबर 2024 को एक भयानक एक्सीडेंट हो गया था। इस हादसे में न सिर्फ एक्ट्रेस गंभीर रूप से घायल हुई थीं बलेकि उनकी कार से एक मजदूर की मौत भी हो गई थी।
उर्मिला कोठारे की कार का हुआ था एक्सीडेंट
इस एक्सीडेंट की खबर सामने आने के बाद से हर कोई परेशान हो गया था। उर्मिला की कार का एक्सीडेंट बहुत ही जबरदस्त था। जहां एक तरफ एक मजदूर की मौत हो गई थी वहीं एक दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। अब इस मामले में 3 दिन बाद बड़ा अपडेट सामने आया है।

पुलिस ने ड्राइवर को किया अरेस्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस मामले में मुंबई पुलिस ने उर्मिला कोठारे के कार ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की मानें तो एक्ट्रेस उर्मिला की कार गत 28 दिसंबर 2024 (शुक्रवार) को रात के करीब 12:54 बजे दुर्घटना का शिकार हुई थी। पहले कहा जा रहा था कि एक्ट्रेस शूटिंग सेट से घर वापस आ रही थीं, लेकिन अब सुनने में आया है कि एक्ट्रेस अपने एक दोस्त से मिलने के बाद वापस घर जा रही थीं।
तेज स्पीड से आ रही गाड़ी ने किया था ओवरटेक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उर्मिला कोठारे ने पहले अपने एक दोस्त को उनके घर छोड़ा और फिर वह अपने घर की ओर निकल गईं, लेकिन इस दौरान ही उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अनिल पाटिल ने कहा है कि पूछताछ के दौरान कार के ड्राइवर और एक्ट्रेस ने कहा कि एक व्यक्ति तेज गति से पीछे से आया और उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया।
एक्ट्रेस की कार से एक मजदूर की मौत
पुलिस के अनुसार उर्मिला कोठारे के ड्राइवर ने तेज गति से आ रही गाड़ी को टक्कर मारने से बचने की कोशिश की, जिसके कारण उनका नियंत्रण खो गया और कार पलट गई। पुलिस ने बताया कि कार ने बैरिकेड को टक्कर मारी और मेट्रो स्टेशन के पास काम कर रहे दो मजदूरों को हवा में उड़ा दिया।
उर्मिला कोठारे का अस्पताल में चल रहा है इलाज
आपको बता दें कि इस भीषण दुर्घटना में सम्राटदास जितेंद्र नामक एक मजदूर की मौत हो गई है और सुजान रविदास नामक एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है। इसके अलावा एक्ट्रेस उर्मिला कोठारे का भी मुंबई के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हालांकि पुलिस मामले की अभी भी बारीकी से जांच कर रही है।
हुंडई कार भी जब्त कर ली गई है
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, उर्मिला कोठारे के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरी हुंडई कार भी जब्त कर ली गई है। इस दुखद दुर्घटना के पीछे की असली वजह जानने के लिए कुछ सैंपल भी लिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications