The Raja Saab BO Collection Day 5: बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी 'द राजा साब', 5वें दिन हुई इतनी कमाई
The Raja Saab Box Office Collection Day 5: प्रभास स्टारर हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'द राजा साब' का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। गत 9 जनवरी 2026 को वर्ल्डवाइड रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआती दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त ओपनिंग दर्ज की थी लेकिन ये रफ्तार ज्यादा दिनों तक कायम नहीं रह सकी।
'द राजा साब' की कमाई में आई गिरावट
पहले वीकेंड के बाद फिल्म 'द राजा साब' की कमाई में ऐसी गिरावट आई कि अब हालात चिंताजनक नजर आ रहे हैं। पैन इंडिया स्टार प्रभास की फिल्मों से हमेशा बड़े कलेक्शन की उम्मीद की जाती है। 'द राजा साब' से भी यही अनुमान लगाया जा रहा था लेकिन रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स, दोनों से निगेटिव रिव्यू मिले।

वीकेंड के बाद दर्शकों ने मोड़ा मुंह
कमजोर कहानी, बिखरी हुई पटकथा और डायरेक्शन की खामियों ने फिल्म को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि एडवांस बुकिंग और त्योहारों के माहौल का फायदा फिल्म को पहले दो दिनों तक मिला था, खासकर तेलुगू बेल्ट में। मगर जैसे ही वीकडेज शुरू हुए, थिएटर्स में सीटें खाली दिखने लगीं।
फिल्म के 5वें दिन का कलेक्शन जानकर चौंक जाएंगे
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार गत 13 जनवरी 2026 (मंगलवार) यानी 5वें दिन फिल्म 'द राजा साब' ने सिर्फ 4.85 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसके साथ ही फिल्म की कमाई सिंगल डिजिट में सिमट गई है, जो किसी 300 करोड़ के बजट वाली फिल्म के लिए खतरे की घंटी है।
'द राजा साब' का अब तक का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (5 दिन)
पेड प्रीव्यू: 9.15 करोड़ रुपए
पहला दिन: 53.75 करोड़ रुपए
दूसरा दिन: 19.02 करोड़ रुपए
तीसरा दिन: 19.10 करोड़ रुपए
चौथा दिन: 6.60 करोड़ रुपए
पांचवां दिन: 4.85 करोड़ रुपए
कुल कलेक्शन (5 दिन): 119.45 करोड़ रुपये
300 करोड़ के बजट में बनी फिल्म 'द राजा साब'
रिलीज के महज 5 दिनों में ही 'द राजा साब' बॉक्स ऑफिस पर ठंडी पड़ती नजर आ रही है। मंगलवार को फिल्म का अब तक का सबसे कम कलेक्शन दर्ज हुआ है। ऐसे में ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ये फिल्म 'राधे श्याम' और 'आदिपुरुष' के बाद प्रभास के करियर की अगली बड़ी फ्लॉप साबित हो सकती है। ऐसे में अब प्रभास के फैंस को उनकी आने वाली फिल्मों 'फौजी' और 'स्पिरिट' से ही उम्मीदें रहेंगी।
'द राजा साब' की स्टारकास्ट
मारुति के निर्देशन में बनी फिल्म 'द राजा साब' को पीपुल्स मीडिया फैक्ट्री के बैनर तले टीजी विश्व प्रसाद ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में प्रभास के साथ संजय दत्त, बोमन ईरानी, मालविका मोहनन, निधि अग्रवाल, रिद्धि कुमार और जरीना वहाब ने काम किया है। 'द राजा साब' को हिंदी, तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications