चेन्नई एयरपोर्ट पर थलपति विजय के साथ बड़ा हादसा, भीड़ हुई बेकाबू, मचा हड़कंप, जानें क्या है मामला?
Thalapathy Vijay: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार और तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) के अध्यक्ष थलपति विजय को लेकर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। चेन्नई एयरपोर्ट पर उनकी वापसी के दौरान फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी जिसके बीच एक्टर संतुलन खो बैठे और गिर पड़े।
थलपति विजय के साथ चेन्नई एयरपोर्ट पर हादसा
थलपति विजय के ऐसे गिर जाने से कुछ पलों के लिए एयरपोर्ट के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। थलपति विजय मलेशिया के कुआलालंपुर में अपनी अपकमिंग फिल्म 'जना नायकन' के ऑडियो लॉन्च इवेंट में हिस्सा लेने के बाद चेन्नई लौटे थे। जैसे ही वह एयरपोर्ट के एग्जिट गेट की ओर बढ़े, फैंस की भीड़ उन्हें देखकर बेकाबू हो गई थी।

एयरपोर्ट पर विजय को देखकर भीड़ हुई बेकाबू
थलपति विजय की एक झलक पाने के लिए उनके फैंस एक्टर की गाड़ी के आसपास जमा हो गए थे जिसके चलते धक्का-मुक्की शुरू हो गई थी। इसी दौरान विजय का संतुलन बिगड़ गया और वह कार तक पहुंचने से कुछ सेकंड पहले ही गिर पड़े।
सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत संभाला मोर्चा
-घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मी हरकत में आए और थलपति विजय को सुरक्षित उठाकर गाड़ी तक पहुंचाया। राहत की बात ये रही कि एक्टर को कोई चोट नहीं आई है और कुछ ही देर में हालात काबू में कर लिए गए। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई।
-कुछ रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया गया है कि अफरा-तफरी के दौरान थलपति विजय के काफिले की एक गाड़ी को मामूली नुकसान पहुंची है। हालांकि इस संबंध में अभी तक अधिकारियों या विजय की टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इसके बावजूद थलपति विजय को एयरपोर्ट से सुरक्षित रवाना होते देखा गया और फैंस को वहां से हटाया गया।
थलपति विजय की आखिरी फिल्म
जानकारी के अनुसार 'जना नायकन' को थलपति विजय की आखिरी फिल्म माना जा रहा है। यही वजह है कि ऑडियो लॉन्च से लेकर एयरपोर्ट तक फैंस का जोश चरम पर नजर आया था।
ऑडियो लॉन्च पर थलपति विजय का बड़ा ऐलान
-आपको बा दें कि ऑडियो लॉन्च इवेंट के दौरान थलपति विजय ने फैंस को संबोधित करते हुए भावुक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह अपने चाहने वालों के लिए सिनेमा छोड़ने का फैसला कर रहे हैं।
-थलपति विजय ने कहा- जब मैंने सिनेमा में कदम रखा था तो सोचा था कि मैं रेत का एक छोटा सा घर बना रहा हूं लेकिन आप सभी ने मेरे लिए एक महल खड़ा कर दिया। आपने मुझे एक कोट्टई यानी किला दिया है। इसी किले के लिए मैं अब खड़ा होना चाहता हूं।
-थलपति विजय ने आगे कहा- जिन फैंस ने मेरे लिए सब कुछ त्याग दिया,उनके लिए मैं खुद सिनेमा का त्याग कर रहा हूं। उनके इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि थलपति विजय अब राजनीति में पूरी तरह सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी में हैं।












Click it and Unblock the Notifications