फिल्म 'हिटः द फर्स्ट केस' का टीजर रिलीज, अतीत की यादों को भूलकर क्राइम से लड़ते दिखे राजकुमार राव
फिल्म 'हिटः द फर्स्ट केस' के टीजर में देखा जा सकता है कि राजकुमार राव यानी पुलिस ऑफिसर विक्रम अपनी पिछली यादों को भूल चुका है और पैनिक अटैक के बीच क्राइम सुलझाता है और उनसे लड़ता है।
मुंबई, 15 जूनः बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव जल्द ही फिल्म 'हिटः द फर्स्ट केस' में नजर आने वाले हैं। राजकुमार राव ने अपनी अपकमिंग मिस्ट्री-थ्रिलर फिल्म 'हिटः द फर्स्ट केस' का टीजर जारी किया है। इस टीजर में वह एक पुलिस ऑफिसर विक्रम का किरदार निभाते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अपनी इस फिल्म का टीजर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं। फिल्म के टीजर में देखा जा सकता है कि पुलिस ऑफिसर विक्रम अपनी पिछली यादों को भूल चुका है और पैनिक अटैक के बीच क्राइम सुलझाता है और उनसे लड़ता है। राजकुमार ने इस क्लिप को शेयर करते हुए बताया कि फिल्म का ट्रेलर भी बहुत ही जल्द रिलीज होने वाला है। आपको बता दें कि राजकुमार राव की ये फिल्म 15 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में राजकुमार राव के साथ एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा लीड रोल में नजर आएंगी।

पैनिक अटैक से गुजरता पुलिस ऑफिसर
राजकुमार राव ने अपनी इस फिल्म का टीजर अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया जिसके पोस्ट होने के कुछ ही देर में यह ट्रेंड करने लगा। कुछ सेकंड की क्लिप में एक घबराया हुआ पुलिस ऑफिसर विक्रम दिखाई देता है, जो बर्फ से भरी जगह पर दौड़ रहा होता है और खुद को एक जगह में फंसा हुआ पाता है। वह गुंडों से दरवाजा खोलने के लिए कहता है, जिसके बाद वह अपनी आंखें खोलता है और वह अपने आप को अस्पताल में देखता है। इसके बाद अचानक उसे अपना घर और पुलिस के रूप में उसकी नौकरी, क्राइम लोकेशन का दौरा इन सब चीजों की झलक दिखाई देने लगती है। वहीं एक थेरेपिस्ट विक्रम से कहते है कि उसकी वर्तमान नौकरी की स्थिति उसकी पिछली यादों को बार-बार ट्रिगर कर रही है और इसीलिए उसको ये पैनिक अटैक आ रहे हैं।
15 जुलाई को रिलीज होगी फिल्म
टीजर में आगे दिखाया जाता है कि विक्रम जलती हुई आग को देखता है और उसे अपना बीता हुआ कल याद आने लगता है। इन चीजों को देखने के बाद उसको अपने ऑफिस की झलक दिखती है। विक्रम कहता है कि वह अपनी नौकरी नहीं छोड़ सकता है। टीजर का अंत विक्रम के शीशे के सामने बंदूक रखने के साथ होता है। यह टीजर काफी इंटेंस है और विक्रम के बारे में जानने के लिए लोगों की उत्सुक्ता को बढ़ाता है। एक्टर राजकुमार राव ने टीजर को शेयर करते हुए लिखा है- यह रही विक्रम की झलक, एक पुलिस वाला जो अपने अतीत से निपटने के दौरान क्राइम के खिलाफ लड़ रहा है। फिल्म 'हिटः द फर्स्ट केस' सिनेमाघरों में 15 जुलाई 2022 को रिलीज होगी।












Click it and Unblock the Notifications