'तारक मेहता का उल्टा चश्मा के 'आत्माराम भिड़े' का हुआ निधन', उड़ी अफवाह तो एक्टर ने Video बना खुद बताया सच
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा के 'आत्माराम भिड़े' का हुआ निधन', उड़ी अफवाह तो एक्टर ने Video बना खुद बताया सच
मुंबई, 17 मई: टीवी का सबसे फेमस कॉमेडी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' हमेशा ही किसी न किसी वजह से खबरों में बना रहता है। हाल ही में 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के अभिनेता मंदार चंदवादकर, जो शो में 'आत्माराम भिड़े' का किरदार निभाते हैं, उनकी मौत की अफवाह उड़ी। अपने ही निधन की अफवाह सुन मंदार चंदवादकर हैरान रह गए और उन्होंने अब वीडियो जारी कर सच बताया है। मंदार चंदवादकर को सोशल मीडिया पर उनकी मौत की झूठी खबर फैलने के बाद इंस्टाग्राम पर लाइव आना पड़ा। एक्टर ने बताया है कि वह जो रिपोर्ट किया जा रहा है उसके विपरीत वह स्वस्थ और खुश हैं। इन अफवाहों को उन्होंने फेक बताया है।

लाइव वीडियो जारी कर मंदार चंदवादकर ने कहा- मैं ठीक हूं
मंदार चंदवादकर ने अपने अधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर लाइव वीडियो जारी कर बताया कि उनको लेकर जो सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है, वो फेक है। मंदार चंदवादकर ने कहा, वो एकदम ठीक हैं और 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा की शूटिंह कर रहे हैं।

'लोग परेशान ना हो, इसलिए मैंने लाइव आने का सोचा'
मंदार ने अपने लाइव वीडियो में कहा, "नमस्ते, आप सब कैसे हैं? मुझे उम्मीद है कि काम अच्छा होगा। मैं भी काम पर हूं। लेकिन हाल ही में एक शख्स ने, मुझे लेकर मैसेज फॉरवर्ड किया है, इसलिए लोगों के चिंतित और परेशान होने से पहले मैंने लाइव आने की सोची। सोशल मीडिया पर, अफवाहें आग से भी तेजी से फैलती हैं। मैं सिर्फ इस बात की पुष्टि करना चाहता था कि मैं शूटिंग कर रहा हूं और इसका आनंद ले रहा हूं।"

मंदार चंदवादकर बोले- 'जिसने भी झूठी खबर फैलाई है...'
अपने वीडियो में मंदार चंदवादकर ने आगे कहा, ''जिसने भी झूठी खबर फैलाई है, मैं उससे इसे रोकने का अनुरोध करता हूं। भगवान उसे 'सद्बुद्धि' प्रदान करें। तारक मेहता का उल्टा चश्मा के कलाकार पूरी तरह से स्वस्थ और खुश हैं। वे भविष्य में बहुत काम करने की योजना बना रहे हैं। कई सालों तक और लोगों का मनोरंजन करते रहेंगे हम।"

'प्लीज ऐसी खबरें मत फैलाइए...'
मंदार ने वीडियो शेयर कर कैप्शन लिखा है, ''सभी से अनुरोध है, प्लीज, ऐसी खबरें मत फैलाइए। जिन्होंने भी इसे फैलाया है, ऐसी अफवाहों को हवा मत दीजिए।'' इसी के साथ उन्होंने हाथ जोड़ने वाली इमोजी भी लगाई है। मंदार का ये वीडियो वायरल हो गया है। मंगलवार (17 मई) को शेयर किए इस वीडियो पर महज 3 घंटे में ही 23 हजार से ज्यादा व्यूज आ गए हैं।

दिव्यांका त्रिपाठी से लेकर मुकेश खन्ना तक की उड़ी है मौत की अफवाह
बता दें कि ऐसा पहली बार नहीं है कि किसी कलाकार की झूठी मौत की अफवाह उड़ाई गई हो। इससे पहले कई ऐसे सितारे हैं, जिनके मौत की अफवाह सोशल मीडिया पर उड़ाई गई हैं। इससे पहले दिव्यांका त्रिपाठी, मुकेश खन्ना, श्वेता तिवारी, शिवाजी साटम जैसे अन्य कलाकार भी मौत के झांसे का शिकार हो चुके हैं। फैंस इन अफवाहों पर इतना विश्वास कर लेते हैं कि इन झूठी रिपोर्टिंग पर सफाई देने के लिए सेलेब्रिटियों को इंटरव्यू देने पड़े और सोशल मीडिया पर पोस्ट करने पड़े।

तारक मेहता के फैंस के लिए निराश करने वाली खबर
बात करें तारक मेहता का उल्टा चश्मा को लेकर तो मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शो के सबसे दमदार ऐक्टर शैलेष लोढ़ा, जल्द ही टीवी शो छोड़ सकते हैं। उन्हें पिछले कुछ समय से शो में नहीं देखा गया है। बताया जा रहा है कि शैलेष लोढ़ा पिछले कुछ दिनों से शो के से नाराज चल रहे हैं। हालांकि मेकर्स उन्हें शो में बनाए रखने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications