टमाटर के बढ़ते दाम पर क्यों ट्रोल हो रहे सुनील शेट्टी? अब किसानों से मांगनी पड़ी माफी, जानिए क्या है माजरा
Suniel Shetty Tomato Controversy: बॉलीवुड के अन्ना सुनील शेट्टी इन दिनों टमाटर की वजह से काफी चर्चा में हैं। दरअसल एक्टर ने हाल ही में टमाटर की बढ़ती कीमतों पर बयान दिया था। जिसके बाद सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया। लगातार एक्टर को उनके बयान की वजह से ट्रोल किया जा रहा है। अब ट्रोलिंग से परेशान होकर अभिनेता ने इस पर सफाई दी। आइए जानते हैं कि पूरा माजरा क्या है।
सुनील शेट्टी ने टमाटर पर दिया था विवादित बयान
जैसा कि देश में हर कोई टमाटर की बढ़ती कीमतों से परेशान है। ऐसे में सुनील शेट्टी ने भी अपने घर का हाल साझा किया और बताया कि इसका असर उनकी रसोई पर पड़ रहा है। क्योंकि उनका परिवार फ्रेश सब्जी खाना पसंद करता है। इसी सिलसिले में एक्टर अपने फोन ऐप से सब्जियां ऑर्डर करते हैं। जिसके दाम में मंडी की तुलना में काफी फर्क होता है।

अब एक्टर ने किसानों से मांगी माफी
अब सुनील शेट्टी के इस बयान से सोशल मीडिया पर बवाल खड़ा हो गया है। लोग एक्टर को बुरी तरह ट्रोल कर रहे हैं। ऐसे में सुनील शेट्टी ने अपने बयान पर सफाई पेश करते हुए किसानों से माफी मांगी। उन्होंने कहा, 'मैं किसानों का समर्थन करता हूं। मैं उनके बारे में गलत धारणा रखने के बारे में सोच भी नहीं सकता। मैंने हमेशा उनके समर्थन के साथ काम किया है। मैं चाहता हूं कि हम अपने देसी उत्पादों को बढ़ावा दें और हमारे किसानों को हमेशा इसका फायदा मिले।'
'मेरे बयान को गलत तरीके से पेश न करें'
सुनील शेट्टी ने आगे कहा कि, 'मैं हमारे देश के सभी किसानों की इज्जत करता हूं। अगर उन्हें मेरी किसी भी बात का बुरा लगा हो या उन्हें ठेस पहुंची हो तो मैं उन सभी से माफी मांगना चाहता हूं। कृपया मेरे बयान को गलत तरीके से पेश न करें।'
सुनील शेट्टी का वर्कफ्रंट
सुनील शेट्टी के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही अपनी अगली फिल्म हेरा-फेरी 3 में नजर आएंगे। जिसमें सालों बाद वह अक्षय कुमार और परेश रावल के साथ फिर से स्क्रीन शेयर करेंगे। हाल ही में एक्टर ने इस फिल्म की अनाउंसमेंट की थी। फिलहाल वह इसकी शूटिंग में व्यस्त हैं। फिलहाल मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट की कोई घोषणा नहीं की।












Click it and Unblock the Notifications