'द केरल स्टोरी' को लेकर अब सुधीर मिश्रा ने कही ये बड़ी बात, बोले- फिल्म को बैन मत करो लेकिन....
Sudhir Mishra On The Kerala Story: फिल्म मेकर सुधीर मिश्रा ने फिल्म 'द केरल स्टोरी' को लेकर कहा कि किसी भी मूवी को बैन करना सही नहीं लेकिन अगर आपत्ति है तो कोर्ट जाओ।

Sudhir Mishra On The Kerala Story: फिल्म 'द केरल स्टोरी' रिलीज होने से पहले से ही सुर्खियों में छाई हुई है। इस फिल्म को लेकर चल रहा विवाद खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। इस फिल्म को जहां कुछ लोग काफी पसंद कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इसकी आलोचना करते भी नजर आ रहे हैं। आम लोगों से लेकर सेलेब्स तक इस फिल्म पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। हाल ही में साउथ के फेमस स्टार कमल हासन ने इस फिल्म को प्रॉपेगेंडा कहा था और अब बॉलीवुड फिल्म मेकर सुधीर मिश्रा इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते नजर आए हैं।
सुधीर मिश्रा ने दी अपनी प्रतिक्रिया
आपको बता दें कि हाल ही में साउथ के सुपरस्टार कमल हासन ने सुदीप्तो सेन की फिल्म 'द केरल स्टोरी' को 'प्रोपेगेंडा' का नाम दिया था। वहीं सुदीप्तो सेन ने भी कमल हासन को जमकर करारा जवाब दिया था। अब फिल्म मेकर सुधीर मिश्रा ने इस फिल्म को बैन किए जाने वाली बात पर अपना रिएक्शन दिया है। सुधीर मिश्रा ने 'द केरल स्टोरी' की आलोचना करने वाले और इसे बैन करने वालों को तगड़ा जवाब दिया है। सुधीर मिश्रा का कहना है कि फिल्म को बैन मत करो, बल्कि इसे लेकर आपत्ति है तो कोर्ट जाओ और केस करो।
सुधीर मिश्रा बोले- फिल्म को बैन मत करो
बॉलीवुड फिल्म मेकर सुधीर मिश्रा हाल ही में कोलकाता में फिल्म 'अफवाह' की स्पेशल स्क्रीनिंग के लिए पहुंचे थे। इस दौरान 'द केरल स्टोरी' पर बंगाल में लगे बैन पर उन्होंने मीडिया से कहा- मैंने कभी किसी फिल्म पर बैन लगाने के इस कल्चर का सपोर्ट नहीं किया है। अगर आपको फिल्म पसंद नहीं है तो इसकी रचनात्मक आलोचना जरूर करें। कोई ठोस वजह लेकर आएं। लेकिन आप फिल्म को इस तरह से बैन करने के लिए नहीं कह सकते हैं।
हमसे आज की युवा पीढ़ी क्या सीखेगी?
बॉलीवुड में ऑफ-बीट फिल्में बनाने के लिए मशहूर फिल्म मेकर सुधीर मिश्रा ने सेंसरशिप के मुद्दे पर भी मीडिया से खुलकर बात की। उन्होंने कहा- अगर आपको किसी फिल्म पर कोई आपत्ति है तो कोर्ट जाएं और उस पर केस करें। लेकिन एक फिल्म मेकर को चुप नहीं कराया जा सकता है। हम सीनियर चुप रहेंगे तो युवा पीढ़ी हमसे क्या सीखेगी। उनमें गंभीर मुद्दों पर फिल्म बनाने की हिम्मत ही नहीं दिखाई देगी।
कमल हासन ने फिल्म को कहा था प्रॉपेगेंडा
आपको बता दें कि हाल ही में फिल्म द केरल स्टोरी पर आपत्ति जताते हुए साउथ के फैमस स्टार कमल हासन ने कहा था कि वह इस तरह की प्रोपेगेंडा फिल्मों के बिल्कुल खिलाफ हैं। किसी फिल्म के नीचे 'ट्रू स्टोरी' जैसी एक लाइन लिख देने से वह सच नहीं हो जाती है। हालांकि इस पर फिल्म के डायरेक्टर सुदीप्तो सेन ने उनको करारा जवाब दिया था। उन्होंने साफ कहा था कि अब मैंने लोगों को समझाना छोड़ दिया है। हर किसी को हर बात नहीं समझाई जा सकती है।
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कर रही है कमाल
जानकारी के अनुसार फिल्म 'द केरल स्टोरी' गत 5 मई 2023 को सिनेमाघरो में रिलीज हुई थी। रिलीज के पहले से ही इस फिल्म को लेकर विवाद शुरू हो गया था। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में इस फिल्म पर बैन लगा दिया गया था। वहीं कुछ राज्यों ने इसे टैक्स फ्री कर दिया था। इन सब विवादों के बीच भी ये फिल्म सुपरहिट साबित हुई है। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार किया है।












Click it and Unblock the Notifications