'स्पाइडर मैन' ने तोड़े कलेक्शन के सारे रिकॉर्ड, पहले दिन 32 करोड़ की कमाई कर सूर्यवंशी को पछाड़ा
मुंबई, 17 दिसंबर: मार्वल स्टूडियो की फेमस सीरीज स्पाइडर मैन का तीसरा पार्ट 'स्पाइडर मैन: नो वे होम' रिलीज हो गई। रिलीज के साथ फिल्म ने नए कीर्तिमान स्थापित कर दिए हैं। स्पाइडर-मैन: नो वे होम ने भारत में अपने पहले दिन 32.67 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसने अक्षय कुमार की सूर्यवंशी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सूर्यवंशी ने 26.29 करोड़ का ओपनिंग कलेक्शन किया था। कोरोना काल में ये पहले दिन भारत की सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फिल्म बन गई है।

इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मार्वल की ही फिल्म 'एवेंजर्स: इंफिनिटी वॉर' के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इसी के साथ यह मार्वल की फिल्म दूसरी बड़ी रिलीज साबित हुई है। मार्वल स्टूडियोज और सोनी पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में टॉम हॉलैंड मुख्य भूमिका में हैं। 'स्पाइडर मैन: नो वे होम' को इंडिया में 3264 स्क्रीन पर 50% ऑक्यूपेंसी के साथ रिलीज किया गया था। जबकि सूर्यवंशी को 3500 स्क्रीन पर 50-70% तो कहीं-कहीं 100% ऑक्यूपेंसी से साथ रिलीज किया गया था। 'स्पाइडर मैन: नो वे होम' 2021 में भारत में सबसे बड़ा ओपनिंग कलेक्शन करने वाली हॉलीवुड फिल्म बन गई है।
बॉक्स ऑफिस इंडिया के अनुसार, स्पाइडर-मैन: नो वे होम ने मल्टीप्लेक्स में अच्छा प्रदर्शन किया। फिल्म को साउथ इंडिया में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। साउथ में ये फिल्म वकील साब (तेलुगु) और मास्टर (तमिल) के बाद तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वाली रही है। हैदराबाद, विजयवाड़ा जैसी जगहों पर फिल्म की अच्छी कमाई हो रही है। स्पाइडर मैन ने साउथ की 17 दिसम्बर को रिलीज हुई फिल्म पुष्पा की कमाई में भी असर पड़ सकता है। पुष्पा में अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना लीड रोल में हैं।
फिल्म ने रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग से भारत में 18 करोड़ की कमाई कर ली थी। 'स्पाइडर-मैन: नो वे होम' को जॉन वाट्स ने डायरेक्ट किया है। फिल्म ओपनिंग डे पर साल 2021 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। भारत में सबसे बड़ी ओपनिंग लेने वाली फिल्म मारवल की एवेंजर्स एंडगेम है। 2019 में आयी इस फिल्म ने 53.10 करोड़ की ओपनिंग ली थी। तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर की है, जिसने 31.30 करोड़ पहले दिन जमा किये थे।












Click it and Unblock the Notifications