'गायकी में धर्म परिवर्तन कैसे करते थे?' मोहम्मद रफी के लिए क्या कह गए सोनू निगम, भजन गाने पर कही ये बात
Sonu Nigam On Mohammad Rafi: मोहम्मद रफ़ी, भारतीय सिनेमा के सबसे आइकॉनिक गायक को हाल ही में गोवा में आयोजित 55वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) में सम्मानित किया गया। इस खास मौके पर महान प्लेबैक सिंगर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिसमें मशहूर गायक सोनू निगम ने उनकी जमकर तारीफ की।
सोनू निगम ने मोहम्मद रफ़ी की आवाज़ की अलग-अलग पीढ़ियों और शैलियों के हिसाब से ढालने की क्षमता पर बात की। उन्होंने कहा, "यह शख्स 'हम काले हैं तो क्या हुआ दिलवाले हैं' भी गा रहा है और 'सर जो तेरा चकराए या दिल डूबा जाए' भी। उनकी आवाज़ दिलीप कुमार, जॉनी वॉकर, महमूद, और ऋषि कपूर जैसे कलाकारों पर भी एकदम फिट बैठती थी।"

सोनू ने यह भी बताया कि रफ़ी की आवाज़ कैसे बिना किसी झंझट के अलग-अलग चेहरों पर सटीक बैठती थी। सिंगर ने मोहम्मद रफी के हर धर्म के गीत गाने पर भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "जब वह भजन गाते हैं, तो लगता है जैसे कोई पक्का हिंदू गा रहा है। वह मुसलमान हैं, नमाज़ी आदमी हैं। उनका धर्म परिवर्तन गायकी में कैसे हो जाता है? कैसे वह हर शैली या भावना का असली अर्थ लोगों तक पहुंचाते थे।"
सोनू ने आगे कहा, "यह एक बड़ी बात है, ऐसा हर कोई नहीं कर सकता। मैं जानता हूं कई गायक जो सूफी गीत बहुत अच्छा गा सकते हैं, लेकिन भजन नहीं गा सकते। वह रमज़ान के लिए गाते थे, रक्षाबंधन के लिए गाते थे, खुशियों के गीत गाते थे, दुखी गीत गाते थे, यहां तक कि सबसे मशहूर 'हैप्पी बर्थडे' गाना भी गाया। ऐसा कुछ नहीं है जो उन्होंने न किया हो। ये कौन आदमी है? वह एक ज्वालामुखी थे, जो केवल माइक में फटते थे।"
आपको बता दें कि, मोहम्मद रफी ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में अपनी दमदार गायकी से कई सालों तक राज किया। उन्होंने हिंदी, पंजाबी, बंगाली और गुजराती सहित विभिन्न भाषाओं में 7,400 से अधिक गीत गाए। जिनमें "मैं ज़िंदगी का साथ निभाता चला गया," "कौन है जो सपनों में आया," "पर्दा है पर्दा," "गुलाबी आँखें," और "क्या से क्या हो गया" शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications