भाग मिल्खा भाग फिल्म में सोनम कपूर की फीस सुनकर दंग रह जाएंगे आप, खुद डायरेक्टर ने किया खुलासा
मुंबई, 11 अगस्त। फिल्म भाग मिल्खा भाग में जिस तरह से फरहान अख्तर अपने अभिनय से इसे जीवंत किया था उसे कोई भूल नहीं सकता है। मिल्खा सिंह के जीवन पर बनी इस फिल्म को लोगों ने काफी पसंद किया था। फिल्म में फरहान अख्तर ने काफी मेहनत भी की थी। फिल्म के डायरेक्टर राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने फिल्म से जुड़ी एक दिलचस्प बात साझा की है। उन्होंने बताया कि फिल्म में गेस्ट किरदार निभाने वाली सोनम कपूर ने काम करने के लिए सिर्फ 11 रुपए की फीस ली थी।

11 रुपए में किया काम
डायरेक्टर राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने अपनी ऑटोबायोग्राफी द स्ट्रेंजर इन द मिरर में इस बात का खुलासा किया है कि फिल्म भाग मिल्खा भाग में सोनम कपूर ने मेहमान की भूमिका निभाने के लिए सिर्फ 11 रूपए की फीस ली थी, फिल्म में उन्होंने बीरो का किरदार निभाया था और कुछ ही समय के लिए वह स्क्रीन पर नजर आई थीं। सोनम कपूर के साथ राकेश ओमप्रकाश मेहरा दिल्ली-6 में भी काम कर चुके हैं जिसमे अभिषेक बच्चन ने भी मुख्य भूमिका निभाई थी।

सोनम के साथ काफी अच्छी बॉन्डिंग
राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने अपनी किताब में बताया है कि दिल्ली 6 से मेरे और सोनम कपूर के बीच काफी अच्छा रिश्ता रहा है। सोनम ने मुझसे कहा था कि शूटिंग के लिए उसे सिर्फ 7 दिन की जरूरत है। यही नहीं सोनम ने देश के बंटवारे को इतनी खूबसूरती से दिखाने और मिल्खा सिंह के जोश को बड़े पर्दे पर दिखाने के लिए तारीफ भी की। वह फिल्म में अपना योगदान भी देना चाहती थीं।

खुद को खत्म कर लेना चाहते थे राकेश ओमप्रकाश मेहरा
अपनी किताब में राकेश ओमप्रकाश ने बताया है कि किस तरह से दिल्ली 6 के फ्लॉप होने से उनके जीवन पर इसका काफी असर हुआ था। ओमप्रकाश ने कहा कि फिल्म के कॉमर्शियली फ्लॉप होने के बाद मैं बहुत ही गहरे अंधकार में चला गया था। मैं इसे हैंडल नहीं कर पा रहा था, मैंने काफी शराब पीनी शुरू कर दी और खुद को इसमे डुबा लिया। मैं खुद इतना पीना चाहता था कि इस दुनिया में ना रहूं, एक बार सो जाऊं तो कभी भी ना जगूं।

रंग दे बसंती में क्रेग डेनियल का ऑडिशन
अपने जीवन के मुश्किल पलों के साथ उन्होंने उन पलों को भी किताब में साझा किया है जब वह रंग दे बसंती फिल्म बना रहे थे। राकेश ओमप्रकाश मेहरा ने अपनी किताब में खुलासा किया है कि रंग दे बसंती फिल्म में उन्होंने डेनियल क्रेग का भी ऑडिशन सहायक अभिनेता के किरदार के लिए लिया था। लेकिन डेनियल क्रेग उस वक्त जेम्स बॉन्ड फिल्म में व्यस्त हो गए लिहाजा वह इसमे काम नहीं कर सके।

आने वाली फिल्म
बता दें कि सोनम कपूर आखिरी बार AK vs AK में एक छोटे से किरदार में नजर आई थीं। इसमे उन्होंने अनिल कपूर की बेटी का ही किरदार निभाया है। जबकि उनकी आखिरी फिल्म द जोया फैक्टर थी। फिलहाल वह सोनम कपूर ब्लाइंड फिल्म में काम कर रही हैं जोकि जल्द ही रिलीज हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications