सिद्धार्थ शुक्ला का आखिरी गाना हुआ रिलीज लेकिन भड़के फैंस, जानें क्या हुई बात
एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का आखिरी गाना 'जीना जरूरी है' आज रिलीज हो गया है। इस म्यूजिक वीडियो में सिद्धार्थ को देखकर उनके फैंस एक बार फिर उन्हें मिस करने लगे हैं
मुंबई, 20 मईः दिवंगत एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का आखिरी गाना 'जीना जरूरी है' आज रिलीज हो गया है। इस म्यूजिक वीडियो में सिद्धार्थ को देखकर उनके फैंस एक बार फिर उन्हें मिस करने लगे हैं और सोशल मीडिया के जरिए अपना प्यार जता रहे हैं। हालांकि सिद्धार्थ के फैंस का बिग बॉस के कंटेस्टेंट विशाल कोटियान पर गुस्सा भी फूट पड़ा है। दरअसल इस गाने की रिलीज पर पहले आपत्ति जताई गई थी। सिद्धार्थ की फैमिली ने रिक्वेस्ट किया था कि उन लोगों की रजामंदी के बिना कुछ भी रिलीज न किया जाए। अब विशाल ने इस गाने को रिलीज करने से पहले सिद्धार्थ की फैमिली से अनुमति मांगी है या नहीं इसकी जानकारी तो नहीं है लेकिन उनके फैंस का गुस्सा साफ नजर आ रहा है। इस गाने में दो भाइयों सिद्धार्थ शुक्ला और विशाल कोटियान की कहानी दिखाई गई है, जो एक ही लड़की को दिल दे बैठते हैं। इस वीडियो में सिद्धार्थ को देखकर आपको एक बार फिर से उनका मुस्कुराता चेहरा याद आ जाएगा। कुछ ही देर के लिए सही आप भूल बैठेंगे कि वो इस दुनिया से कहीं बहुत दूर चले गए हैं। वीडियो सॉन्ग में उनकी शानदार एक्टिंग, कातिलाना मुस्कुराहट और आंखों में प्यार देखकर आपको फिर उनकी याद आ जाएगी।

परिवार ने गाने के रिलीज को लेकर कही थे ये बात
विशाल कोटियान जब बिग बॉस 15 में थे, तभी उन्होंने इस गाने का जिक्र कैमरे पर किया था। उन्होंने कहा था कि सिद्धार्थ शुक्ला का आखिरी गाना उनके साथ शूट हुआ था। जब वो इस शो से बाहर जाएंगे, तब इसे रिलीज जरूर करेंगे ताकि लोग उन्हें एकबार फिर याद करें। हालांकि, उस समय इस पर काफी हंगामा मचा था, क्योंकि सिद्धार्थ की फैमिली ने इसको लेकर काफी सारे बयान दिए थे। सिद्धार्थ की फैमिली ने उनकी मौत के बाद एक बयान जारी किया था। उन्होंने सबसे अनुरोध किया था कि अगर वह किसी भी प्रोजेक्ट में सिद्धार्थ का नाम इस्तेमाल करना चाहते हैं तो पहले उनके परिवार से अनुमति ली जाए। परिवार का कहना था- 'सिद्धार्थ अब बहुत दूर चला गया है और अब वो अपने फैसले खुद नहीं ले सकता है, लेकिन अभी भी वो हमारी जिंदगी का अभिन्न अंग है। हम उस की इच्छाओं की रक्षा कर रहे हैं। जो भी किसी प्रोजेक्ट में सिद्धार्थ का नाम या उसका चेहरा इस्तेमाल करना चाहता है तो पहले हमसे संपर्क करे। हमें पता है कि वो क्या चाहता था। अगर कोई ऐसा प्रोजेक्ट था, जिससे वो खुश नहीं था तो हमें यकीन है कि वो उसे जारी नहीं करता। जब वो हमारे साथ था, तब उसने जारी नहीं किया तो उसकी सहमति नहीं रही होगी। इसलिए उसकी इच्छाओं को ध्यान में रखते हुए प्यारी यादों के साथ याद करें, जो वो हमारे लिए छोड़कर गए हैं।'
ओडिशा में हुई थी गाने की शूटिंग
विशाल कोटियान ने दावा किया था कि वह और सिद्धार्थ एक-दूसरे को 20 साल से जानते थे, जब दोनों साथ में मॉडलिंग करते थे। उन्होंने बताया था कि किसी को नहीं पता कि सिद्धार्थ ने ओडिशा में उनके साथ आखिरी प्रोजेक्ट शूट किया था। अगर वह साथ होते तो वह इस गाने को जरूर रिलीज करते। विशाल ने ये भी कहा था कि सिर्फ सिद्धार्थ की वजह से ही वह बिग बॉस का हिस्सा बने थे। हालांकि इस गाने के रिलीज होने के बाद सिद्धार्थ के कई फैंस भड़क उठे हैं। कुछ लोगों ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा है- 'सिद्धार्थ ने इस गाने को दो बार रोका था, इतना सबकुछ होने के बाद तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई इसे रिलीज करने की।' वहीं एक और यूजर ने कमेंट किया है- शेम ऑन यू। इससे जाहिर होता है कि फैंस इस गाने की रिलीज से नाखुश हैं।
हार्ट अटैक से हुई थी सिद्धार्थ की मौत
सिद्धार्थ शुक्ला की पिछले साल 2 सितंबर को मौत हो गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो वह पूरी तरह से फिट थे लेकिन मौत से पहले उनकी तबीयत थोड़ी सी बिगड़ गई थी। वह रात में बेचैनी सी महसूस कर रहे थे और दवा खाकर सोने चले गए थे। कुछ देर बाद रात में ही हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications