Sholay Re Release: मिलेनियल्स से लेकर GenZ और Gen Alpha को दोस्ती का पाठ पढ़ाने आएगी जय-वीरू की दोस्ती
Sholay Re Release: 'शोले' भारतीय सिनेमा की यादगार फिल्मों में से एक है। इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा को नया आयाम भी दिया। इस फिल्म के किरदार आयकॉनिक बन गए, हर जेनरेशन के लोग इस फिल्म को देखना पसंद करते हैं। इस फिल्म में जय और वीरू की दोस्ती भी देखने को मिली। जिसे धर्मेंद्र और अमिताभ बच्चन ने निभाया था। अब ये आयकॉनिक जोड़ी रियल लाइफ में टूट गई है। 24 नवंबर को 89 साल की उम्र में धर्मेंद्र ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है।
ऐसे में 'शोले' के मेकर्स धर्मेंद्र को ट्रिब्यूट दे रहे हैं। बड़े पर्दे पर 'शोले' एक बार फिर लौटने वाली है। यह फिल्म पूरी तरह 4K क्वालिटी में रीस्टोर की गई है। जिसे 'Sholay - The Final Cut' नाम दिया गया है। ये फिल्म 12 दिसंबर 2025 को पूरे देश के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। फिल्म की 50वीं सालगिरह के मौके पर इसे करीब 1,500 थिएटर्स में दिखाया जाएगा।

इस दोबारा रिलीज़ की सबसे खास बात यह है कि दर्शक पहली बार फिल्म का अनकट वर्ज़न देख पाएंगे। 1975 में जब फिल्म रिलीज़ हुई थी, तब देश में आपातकाल के दौरान लगे सेंसर नियमों के चलते फिल्म का असली अंत बदल दिया गया था।
सिप्पी फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा था, "'Sholay: The Final Cut' - 12 दिसंबर 2025 से सिनेमाघरों में। पहली बार देखें फिल्म का असली अनकट रूप, जिसे Film Heritage Foundation ने 4K और Dolby 5.1 में रीस्टोर किया है।" इस अनकट वर्जन में वह दृश्य भी शामिल है जिसमें ठाकुर (संजय कुमार) अपने कांटेदार जूतों से गब्बर सिंह (अमजद खान) को मार डालता है। सेंसर बोर्ड ने उस समय इस सीन को बेहद हिंसक मानकर हटवा दिया था।
अब निर्देशक रमेश सिप्पी की असली कल्पना के अनुसार फिल्म का असली क्लाइमैक्स दर्शकों के सामने आएगा, जिसकी चर्चा लोग दशकों से करते आए हैं। फिल्म का यह री-रिलीज़ उसके 50 साल पूरे होने के जश्न का मुख्य हिस्सा है। इससे पहले 2025 की शुरुआत में 'शोले' को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फ़ेस्टिवल में भी दिखाया गया था, जहाँ इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खूब सराहना मिली।
1975 में रिलीज़ होने के बाद से ही 'शोले' भारतीय पॉप संस्कृति का एक अहम हिस्सा बनी हुई है। भले ही बाद में आई फिल्मों ने इसके बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ दिए हों, लेकिन यह फिल्म आज भी भारत की सबसे ज़्यादा देखी जाने वाली फिल्मों में नंबर वन है।












Click it and Unblock the Notifications