'डिंपल चीमा ने कहा, विक्रम बत्रा को 4 साल से जानती थी लेकिन साथ में केवल 40 दिन ही बिता पाए'
'डिंपल चीमा ने कहा, विक्रम बत्रा को 4 साल से जानती थी लेकिन साथ में केवल 40 दिन ही बिता पाए'
नई दिल्ली, 07 जुलाई: कारगिल युद्ध के हीरो शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा का आज 07 जुलाई को शहीदी दिवस है। पिछले साल कैप्टन विक्रम बत्रा की जिंदगी पर आधारित फिल्म ''शेरशाह'' आई थी। फिल्म में विक्रम बत्रा का किरदार सिद्धार्थ मल्होत्रा ने और विक्रम की मंगेतर डिंपल चीमा का किरदार कियारा आडवाणी ने निभाया है। इस फिल्म के रिलीज होने के बाद से विक्रम बत्रा और डिंपल चीमा की प्रेम कहानी चर्चा में थी। इस फिल्म के लेखक संदीप श्रीवास्तव ने फिल्म शेरशाह के लिए किए गए होमवर्क के बारे में मीडिया से उस दौरान बात की थी और विक्रम बत्रा और डिंपल चीमा की प्रेम कहानी के बारे में बताया था। परमवीर चक्र से सम्मानित विक्रम बत्रा के जीवन पर आधारित इस फिल्म में प्रेमिका डिंपल चीमा के साथ उनकी प्रेम कहानी भी दिखाई गई है। लेखक संदीप श्रीवास्तव ने बताया था कि विक्रम और डिंपल एक-दूसरे को 04 सालों से जानते थे लेकिन साथ में सिर्फ 40 दिन ही बिताए थे।

फिल्म में कियारा की कम भूमिका को लेकर उठे थे सवाल
फिल्म शेरशाह में कियारा की भूमिका छोटी दिखाने को लेकर फिल्म की आलोचना भी हुई है। एक इंटरव्यू में संदीप श्रीवास्तव ने फिल्म समीक्षाओं को संबोधित करते हुए बताया कि आखिर फिल्म में विक्रम बत्रा की प्रेमिका (डिंपल चीमा) का किरदार इतना कम क्यों दिखाया गया है। संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि जब वह फिल्म के होमवर्क कर रहे थे तो उन्हे पता चला था कि डिंपल और विक्रम ने वास्तव में एक-दूसरे के साथ बहुत ही कम समय बिताया था। इसी बात पर विचार करते हुए ही फिल्म में हमने उनके रिश्ते का निचोड़ दिखाने की कोशिश की है।
'डिंपल चीमा ने कहा- विक्रम के साथ सिर्फ 40 दिन ही रही'
न्यूज 18 से बात करते हुए संदीप ने कहा, "जब मैं फिल्म के लिए अपना रिसर्च कर रहा था और मैंने डिंपल चीमा से बातचीत की, तो उसने कहा कि ''कैप्टन विक्रम बत्रा और वह एक-दूसरे को 04 साल से जानते थे लेकिन उन्होंने साथ में जो समय बिताया वह सिर्फ 40 दिनों का था।'' मुझे लगता है कि हमने उन 40 दिनों के सार को पकड़ लिया है, जो उस अद्भुत महिला के लिए बहुत मायने रखता है जिसका मैं बहुत सम्मान करता हूं। कियारा ने जिस तरह से किरदार निभाया है, उसके माध्यम से उनकी भावनाओं का सार आ रहा है, और यही वास्तव में लोगों को कनेक्ट करता है।"

'विक्रम बत्रा की कहानी डिंपल के बिना अधूरी है'
संदीप श्रीवास्तव ने आगे कहा, ''इसलिए मुझे नहीं लगता कि फिल्म में कुछ जोड़ने-तोड़ने की जरूरत थी। फिल्म में डिंपल चीमा के करिदार को उतना ही दिखाया गया है, जितना वह वास्तव में थीं। डिंपल कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन का एक बहुत ही अभिन्न अंग हैं, आप उनकी कहानी डिंपल के साथ उनके रिश्ते के बिना नहीं बता सकते हैं, विक्रम बत्रा की कहानी डिंपल के बिना अधूरी है। मुझे लगता है कि हमने जो किया है वह सही संतुलन पर है। ऐसे कई विचार भी हैं, जो इसके ठीक विपरीत हैं और वे कह रहे हैं कि यह उनके निजी जीवन और एक सैनिक के रूप में उनके जीवन का एकदम सही मिक्चर है।"

4 साल का रिश्ता था डिंपल और विक्रम का
डिंपल चीमा चार साल से विक्रम की प्रेमिका थी। 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान विक्रम के शहीद होने के पहले दोनों शादी करने की योजना भी बना रहे थे। लेकिन ऐसा नहीं हो सका। विक्रम कारगिल युद्ध के दौरान 7 जुलाई 1999 को शहीद हो गए थे। विक्रम बत्रा की प्रेमिका डिंपल चीमा ने आज तक शादी नहीं की है। विक्रम के जाने के बाद उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी अकेले बिताने का फैसला किया है। डिंपल आज भी चंडीगढ़ में विक्रम की यादों के साथ रहती हैं।

डिंपल ने नहीं की है अब तक शादी
विक्रम बत्रा के माता-पिता ने हाल ही में एक प्रमुख दैनिक को बताया कि उन्होंने डिंपल के माता-पिता के साथ मिलकर उसे शादी करने के लिए मनाने की बहुत कोशिश की थी। विक्रम के पिता गिरधर लाल बत्रा और उनकी मां कमल कांत बत्रा ने कहा है कि विक्रम के शहीद होने के बाद उन्होंने डिंपल चीमा को शादी कर घर बसाने के लिए बहुत बार बोला। डिंपल के माता-पिता के साथ मिलकर भी उनको कई बार कहा कि वह शादी करके जीवन में आगे बढ़ जाए। लेकिन डिंपल ने बार-बार कहा, '' मैं किसी और से शादी नहीं कर सकती हूं...मैं अपनी पूरी जिंदगी 'विक्रम की यादों के साथ' जीना चाहती हूं।'












Click it and Unblock the Notifications