फिल्म Sharmaji Namkeen का ट्रेलर हुआ रिलीज, दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर आखिरी बार आए नजर
मुंबई। हम सभी के चहेते दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की आखिरी फिल्म 'शर्मा जी नमकीन' का ट्रेलर गुरुवार को रिलीज हो गया। इस फिल्म के ट्रेलर का फैंस काफी लंबे समय से इंतजार कर रहे। इस फिल्म में दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर शर्मा जी के किरदार में दिखाई दे रहे हैं। सबसे अधिक खास बात यह है कि इस फिल्म में परेश रावल भी नजर आने वाले हैं। फिल्म के ट्रेलर को काफी पसंद किया जा रहा है। इस फिल्म के जरिये एक रिटायर्ड इंसान की कहानी दिखाई जा रही है, जो बेहद मजेदार है।

ट्रेलर की शुरुआत म्यूजिक के साथ ऋषि कपूर और परेश रावल की दो तस्वीरों से होती है। इसके बाद ऋषि कपूर नजर ऐते हैं जो रिटायर्ड होने के बाद काफी फ्री रहते हैं और इसके चलते वह घर के अलग-अलग काम करने की कोशिश करते हैं। कभी छत पर चढ़कर पानी की टंकी साफ करते हुए नजर आते हैं तो कभी किचन में चले जाते हैं। वहीं इनकी हरकतों से उनके घर के लोग परेशान रहते हैं।
ऐसे में उनका बेटा उन्हें डांटता भी है। आपको बता दें कि फिल्म में ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी एक किरदार को दो अभिनेताओं ने किया हो। वहीं ट्रेलर में परेश रावल दिखाई दे रहे हैं और वह अपने लिए जॉब सर्च करने निकलते हैं। इस ट्रेलर मे ऋषि कपूर और परेश रावल की एक्टिंग कमाल की है। दोनों ही अभिनेताओं ने अपने किरदार को बखूबी निभाया है। ट्रेलर में मौज-मस्ती के साथ इमोशनल सीन भी काफी अच्छे से दिखाए गए हैं।
ऋषि कपूर इस किरदार के लिए परफेक्ट थे लेकिन उनके निधन के बाद इस फिल्म की शूटिंग के कई सीन बच गए थे। ऐसे में मेकर्स ने बचे हुए सीन्स को परेश रावल के साथ करने का फैसला किया। इसकी झलक ट्रेलर में भी देखने को मिल गई है।
फिल्म 'शर्मा जी नमकीन' 31 मार्च 2022 को अमेजन प्राइम पर रिलीज हो रही है। इस फिल्म में ऋषि कपूर और परेश रावल के अलावा, जूही चावला, सुहैल नय्यर, तारुक रैना, सतीश कौशिक, शीबा चड्ढा और ईशा तलवार नजर आने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications