शाहरुख खान स्टारर ‘किंग’ की रिलीज डेट लॉक, जल्द आएगा ट्रेलर
शाहरुख खान और हिटमेकर निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'किंग' को लेकर आखिरकार बड़ी आधिकारिक घोषणा हो गई है। मेकर्स ने पुष्टि कर दी है कि यह मेगा एक्शन एंटरटेनर 24 दिसंबर 2026, यानी क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म न सिर्फ 2026 का धमाकेदार समापन करेगी, बल्कि 2027 की शुरुआत भी एक बड़े सिनेमाई तूफान के साथ करेगी।

इस ऐलान का समय भी खास है। 'पठान' की तीसरी वर्षगांठ से ठीक पहले रिलीज डेट की घोषणा ने शाहरुख खान और सिद्धार्थ आनंद की ब्लॉकबस्टर जोड़ी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है। 'पठान' की ऐतिहासिक सफलता के बाद, दोनों का दोबारा साथ आना पहले से ही चर्चाओं में था, और अब 'किंग' ने इस उत्साह को और तेज कर दिया है।
रिलीज डेट के साथ ही फिल्म की दुनिया की पहली झलक भी साझा की गई है। इस झलक में शाहरुख खान बिल्कुल नए, बेखौफ और ताकतवर अवतार में दिखाई देते हैं। भव्य लोकेशन्स, हाई-स्केल एक्शन और दमदार विजुअल फ्रेम्स से साफ है कि 'किंग' तकनीकी और प्रोडक्शन वैल्यू के लिहाज से बेहद बड़े स्तर पर बनाई जा रही है। हालांकि, मेकर्स ने यह भी साफ कर दिया है कि फिल्म का पूरा ट्रेलर और शाहरुख की असली "दहाड़" सुनने के लिए दर्शकों को अभी थोड़ा इंतजार करना होगा।
गौरतलब है कि 2 नवंबर को शाहरुख खान के जन्मदिन के अवसर पर फिल्म का टाइटल रिवील किया गया था, जिसने सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल मचा दी थी। सिल्वर हेयर में शाहरुख का इंटेंस एक्शन लुक, उनका सिग्नेचर स्टाइल, एसआरके-स्पेशल बैकग्राउंड थीम और "डर नहीं, दहशत हूं" जैसे दमदार डायलॉग्स ने फैंस के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज पैदा कर दिया था।
'किंग' का निर्माण शाहरुख खान की रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और सिद्धार्थ आनंद की मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के सहयोग से किया जा रहा है। बड़े बजट, मजबूत स्टार पावर और सिद्धार्थ आनंद के एक्शन विज़न के चलते यह फिल्म 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल हो चुकी है। अब दर्शकों की निगाहें इस पर टिकी हैं कि शाहरुख खान का यह नया अवतार बॉक्स ऑफिस पर क्या इतिहास रचता है।












Click it and Unblock the Notifications