शाहरुख खान की 'किंग' की कहानी पत्ते की तरह खुल गई? ऐसा होगा किरदार
शाहरुख खान और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की फिल्म 'किंग' की रिलीज तारीख 24 दिसंबर घोषित होते ही फिल्म को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। यह सिद्धार्थ आनंद के साथ शाहरुख की दूसरी फिल्म है, जिसकी शूटिंग तेजी से जारी है। मेकर्स की सख्त कोशिशों के बावजूद सेट से तस्वीरें और जानकारियां लीक होती रहीं, और अब फिल्म की कहानी व किरदारों को लेकर कई अहम खुलासे सामने आए हैं।

कहानी के केंद्र में सुहाना खान का किरदार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'किंग' की मुख्य कथा शाहरुख की बेटी सुहाना खान के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी की शुरुआत एक दर्दनाक हादसे से होती है, जिसमें सुहाना का किरदार अपने परिवार को खो देता है। इस सदमे के बाद वह दूसरों के सहारे खुद को मजबूत बनाती है और आगे चलकर एक प्रभावशाली व सशक्त व्यक्तित्व के रूप में उभरती है। फिल्म का दूसरा हिस्सा उनके इसी परिवर्तन को प्रमुखता से दिखाता है।
लार्जर दैन लाइफ गैंगस्टर बने शाहरुख
शाहरुख खान फिल्म में एक दमदार गैंगस्टर की भूमिका निभा रहे हैं, जिसका अतीत हिंसा और संघर्ष से भरा रहा है। पहले उनके किरदार को सपोर्टिंग माना जा रहा था, लेकिन अब वे सुहाना के बाद दूसरे सबसे अहम पात्र के रूप में उभरते हैं। पोलैंड में शूट किए गए फ्लैशबैक दृश्यों में उनके युवा दिनों से लेकर 50 की उम्र तक का सफर दिखाया जाएगा, जहां वे सुहाना को बदला लेने की राह पर मार्गदर्शन करते हैं।
मां, मेंटर और इमोशनल आधार
रानी मुखर्जी को फिल्म में सुहाना की मां या एक मजबूत मदर फिगर के रूप में दिखाया जा सकता है। शुरुआती हिस्से में उनका किरदार भावनात्मक सहारा देता है। वहीं दीपिका पादुकोण सुहाना की मेंटर की भूमिका में नजर आएंगी, जो उसके फैसलों और सोच पर गहरा असर डालती हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दीपिका को शाहरुख की पूर्व प्रेमिका बताया जा रहा है, जिससे कहानी में नया मोड़ जुड़ता है।
खलनायकों की मजबूत फौज
फिल्म के मुख्य विलेन अभिषेक बच्चन हैं, जिनका अंडरवर्ल्ड में दबदबा है और वे शाहरुख के सबसे बड़े दुश्मन बनकर उभरते हैं। क्लाइमैक्स में दोनों के बीच जोरदार फाइट सीक्वेंस बताया जा रहा है। राघव जुयाल दूसरे खलनायक के रूप में दिखेंगे, जिनका किरदार कहानी में अहम मोड़ लाता है।
स्टारकास्ट से बढ़ी उम्मीदें
फिल्म में जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर, अभय वर्मा के साथ जयदीप अहलावत, अरशद वारसी और सौरभ शुक्ला जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। इन किरदारों की पूरी जानकारी अभी सामने आना बाकी है, जिससे 'किंग' को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।












Click it and Unblock the Notifications