'आदिपुरुष' का टीजर देख तिलमिलाईं रामायण की 'सीता दीपिका' चिखलिया, 'कृष्ण' ने भी कही ऐसी बात
रामानंद सागर की 'रामायण' फेम सीता यानी दीपिका चिखलिया भी फिल्म 'आदिपुरुष' का टीजर देख तिलमिला उठी हैं। उन्हें इस फिल्म का टीजर बिल्कुल पसंद नहीं आया है।
मुंबई, 5 अक्टूबरः साउथ के सुरस्टार प्रभास और बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन की अपकमिंग फिल्म 'आदिपुरुष' फिलहाल सुर्खियों में छाई हुई है। इस फिल्म के टीजर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर बवाल मचा दिया है। दरअसल लोगों को इस फिल्म का टीजर बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा है। साथ ही लोग फिल्म में रावण का रोल निभा रहे बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान और सीता बनीं कृति सेनन को भी बिल्कुल पसंद नहीं कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस फिल्म को लेकर कई तरह से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। यहां तक की टीवी के मशहूर एपिक सीरियल रामायण के किरदार भी इस टीजर को देखकर भड़क उठे हैं।

रामायण की 'सीता' ने टीजर पर कही ये बात
आपको बता दें कि लोगों को फिल्म में सैफ अली खान का लुक बिल्कुल पसंद नहीं आया था। ऐसे में लोग सैफ का विरोध जता रहे हैं। इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर फिल्म के वीएफएक्स को लेकर भी यूजर्स मेकर्स को काफी ट्रोल कर रहे हैं। वहीं इन सब पर रामानंद सागर की 'रामायण' फेम सीता उर्फ दीपिका चिखलिया भी फिल्म आदिपुरुष का टीजर देख भड़क उठी हैं। उन्हें ये टीजर बिल्कुल पसंद नहीं आया है।

नहीं पसंद आया फिल्म का वीएफएक्स
आज तक की खबर के अनुसार दीपिका चिखलिया को आदिपुरुष का वीएफएक्स बिल्कुल पसंद नहीं आया है। दीपिका चिखलिया ने कहा- मैंने आदिपुरुष का टीजर देखा। उसे देखकर ये महसूस हुआ कि रामायण की कहानी जो की सच्चाई और सात्विकता की कहानी है, अब उसमें वीएफएक्स को जोड़ना बिलकुल सही नहीं लग रहा है। हालांकि ऐसा मुझे लगता है। दीपिका ने हनुमान के किरदार को लेकर हो रही ट्रोलिंग पर भी अपनी राय दी।
दीपिका चिखलिया ने कहा- न करें कोई छेड़छाड़
दीपिका ने कहा- लोग बात कर रहे हैं कि किस तरह फिल्म में हनुमान जी ने लेदर पहना है। हालांकि मुझे फिल्म के टीजर में इतना साफ दिखाई नहीं दिया। अगर ऐसा है तो मुझे लगता है कि तुलसीदास जी और वाल्मिकी जी ने जिस सच्चाई के साथ इस ग्रंथ को लिखा है, उससे छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा- मुझे लगता है कि हमें उसको बनाकर रखना चाहिए क्योंकि वह हमारे देश की धरोहर हैं।
'कृष्ण' बने नीतीश भारद्वाज ने कही ये बात
वहीं, नीतीश भारद्वाज जिन्होंने भगवान कृष्ण का किरदार निभाया था, उन्होंने भी आदिपुरुष के टीजर को लेकर अपनी बात सबके सामने रखी। उन्होंने कहा- मैंने फिल्म आदिपुरुष का टीजर देखा है। देखकर अच्छा लगा कि कैसे नई तकनीकि का इस्तेमाल कर फिल्म मेकर्स कहानी को एक अलग और नया विजन दे रहे हैं। टीजर मुझे पसंद आया। उम्मीद करता हूं कि दर्शकों को भी ये अच्छा लगेगा।
सैफ अली खान को लोग कह रहे हैं- 'औरंगजेब'
आपको बता दें कि फिल्म की कास्टिंग को लेकर भी लोग सवाल उठा रहे हैं। जहां कुछ लोग भगवान राम के लिए प्रभास के लुक को पर्फेक्ट नहीं मान रहे हैं, वहीं कुछ लोग सीता के रोल में कृति सेनन को पसंद नहीं कर रहे हैं। हालांकि लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी फिल्म के रावण यानी सैफ अली खान से है। इस किरदार में लोग उन्हें 'औरंगजेब' कह रहे हैं। कई लोगों ने तंज कसते हुए यह भी कहा है कि अब इस फिल्म का इसी आधार पर बॉयकॉट किया जाए।
अयोध्या में हुआ था टीजर लॉन्च इवेंट
जानकारी के अनुसार श्रीराम नगरी अयोध्या में 50 फीट लंबे पोस्टर के साथ गत 2 अक्टूबर को फिल्म 'आदिपुरुष' का टीजर लॉन्च किया गया था। यह फिल्म आगामी 12 जनवरी 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। श्रीराम की नगरी अयोध्या में सरयू नदी के तट पर फिल्म मेकर्स ने इस मूवी के टीजर लॉन्च इवेंट का शानदार कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस मौके पर फिल्म के लीड हीरो प्रभास और लीड हीरोइन कृति सेनन भी प्रोग्राम में मौजूद थीं।












Click it and Unblock the Notifications