Sanjay Dutt Birthday: 50 की उम्र में संजय दत्त ने 21 साल छोटी मान्यता से की थी तीसरी शादी, लंग कैंसर को दी मात
संजय दत्त और मान्यता ने हिंदू रीति-रिवाजों से शादी की थी। यह संजय दत्त की तीसरी शादी थी। उस समय मान्यता की उम्र सिर्फ 29 साल थी जबकि संजू बाबा 50 साल के थे।
मुंबई, 29 जुलाईः बॉलीवुड के शानदार एक्टर संजय दत्त की जिंदगी का विवादों से पुराना नाता रहा है। 3 शादियां, 300 अफेयर और 5 साल जेल की सजा काटना, संजय दत्त की जिंदगी में इस तरह के कई उतार-चढ़ाव आए लेकिन एक्टिंग के दम पर वह लोगों के दिल में जगह बनाने में हमेशा कामयाब रहे। बॉलीवुड एक्टर और राजनीतिज्ञ सुनील दत्त और एक्ट्रेस नरगिस के बेटे संजय दत्त बॉलीवुड की कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम कर चुके हैं। हालांकि 1993 मुंबई धमाकों से जुड़े केस में उन्होंने अपनी ज़िंदगी के कुछ साल जेल में भी गुजारे थे। आपको बता दें कि अब संजय दत्त रील और रियल दोनों ही लाइफ में एक नई शुरुआत कर चुके हैं। आज उनका 63वां जन्मदिन है। आइए इस मौके पर आपको बताते हैं उनकी 3 शादियों और कैंसर को मात देने की जंग के बारे में।

संजय दत्त की थीं 300 गर्लफ्रेंड्स
संजय दत्त का नाम कई एक्ट्रेसेस के साथ जुड़ा था जिनमें से एक माधुरी दीक्षित भी थीं। खुद संजय दत्त ने कबूल किया था कि उनकी करीब 300 गर्लफ्रेंड्स तक रह चुकी हैं। आपको बता दें कि संजय दत्त की पहली शादी 1987 में ऋचा शर्मा से हुई थी, जिससे बेटी त्रिशाला दत्त का जन्म हुआ है। लेकिन ब्रेन ट्यूमर की वजह से ऋचा ने साल 1996 में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था।

पाकिस्तानी मॉडल के साथ जुड़ा नाम
इसके बाद संजय दत्त ने साल 1998 में रिया पिल्लई से शादी की थी। शादी के कुछ साल बाद दोनों के बीच मनमुटाव होने लगा और साल 2002 में ही दोनों अलग हो गए। दूसरी पत्नी रिया पिल्लई से अलग होने के बाद संजय दत्त का नाम एक पाकिस्तानी मॉडल नाडिया के साथ जुड़ने लगा था। फिर संजय का दिल मान्यता पर आया और साल 2008 में ही दोनों शादी के बंधन में बंध गए। अब संजय और मान्यता दो बच्चों के पैरेंट्स हैं।

मान्यता से की तीसरी शादी
मान्यता दत्त का असली नाम दिलनवाज शेख है। उनका जन्म 22 जुलाई 1978 को मुंबई में हुआ था। उनका बचपन दुबई में बीता था, लेकिन एक्टिंग के लिए उनका प्यार उन्हें मुंबई खींच लाया था। मान्यता जब बॉलीवुड में आईं तो उन्होंने अपना नाम सारा खान रख लिया था। फिल्म इंडस्ट्री में वह इसी नाम से पहचानी जाती थीं। प्रकाश झा की फिल्म 'गंगाजल' में आइटम नंबर करने के बाद उन्होंने अपना बदलकर मान्यता किया था।

संजय दत्त से 21 साल छोटी हैं मान्यता
11 फरवरी 2008 को संजय और मान्यता ने हिंदू रीति-रिवाजों से शादी कर ली थी। यह संजय दत्त की तीसरी शादी थी। उस समय मान्यता की उम्र सिर्फ 29 साल थी जबकि संजय दत्त की उम्र 50 साल थी। इस शादी में संजू बाबा की दोनों बहनें प्रिया दत्त और नम्रता दत्त शामिल नहीं हुई थीं। वो संजय और मान्यता के रिश्ते से खुश नहीं थीं। उनकी बहन प्रिया दत्त ने तो यहां तक कहा था कि मुझे तो उनकी शादी का पता भी नहीं है। दोनों की शादी का संजय दत्त के परिवार ने काफी विरोध किया था क्योंकि दोनों की उम्र में करीब 20 साल का फर्क था। आपको बता दें कि मान्यता, संजय दत्त की बेटी त्रिशाला से केवल 10 साल ही बड़ी हैं।

मान्यता है परिवार का बड़ा सपोर्ट
संजय दत्त के अनुसार उनके लिए पिता सुनील दत्त चट्टान की तरह थे, जब वो नहीं रहे तो ऐसा लगा कि सहारा ही छूट गया और कुछ साल मुश्किल भरे रहे। वहीं संजय दत्त ने अपनी पत्नी मान्यता को परिवार का मजबूत स्तम्भ बताया और कहा कि मुश्किल वक्त में भी मान्यता ने पूरे घर को संभाले रखा है। वह हर मुसीबत में परिवार और उनके साथ खड़ी रही है।

लंग कैंसर को दी मात
संजय दत्त फेफड़े के कैंसर की स्टेज-4 पर थे। वह समय न सिर्फ संजय दत्त के लिए बल्कि उनके करीबी, परिवार और फैंस के लिए भी बेहद परेशान करने वाला था। हालांकि, संजू बाबा इस बीमारी से जंग जीत चुके हैं लेकिन आज भी उस समय को याद कर वह कांप जाते हैं। वह अब अपने फैंस, दोस्त और आम लोगों को नशा और बुरी लतों से दूर रहने की हिदायत देते हैं।












Click it and Unblock the Notifications