'पूनम तुम बेवफा हो', पूनम पांडे के आरोप पर पूर्व पति सैम ने तोड़ी चुप्पी, किया बड़ा खुलासा
मुंबई, 05 मार्च: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत का रियलिटी शो 'लॉक अप' इन दिनों काफी चर्चाओं में है। ओटीटी पर स्ट्रीम हो रहे इस शो में कंटेस्टेंट अपनी लाइफ से जुड़े कई चौकाने वाले खुलासे कर रहे हैं, चाहे वो बोल्ड एक्ट्रेस पूनम पांडे हो या फिर टीवी एक्ट्रेस निशा रावत। हाल ही में 'लॉक अप' के अंदर पूनम पांडे ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया था कि उसका पति रात में शराब पीकर उसके साथ हैवानियत करता था, जिसके बाद अब पूनम के एक्स हसबैंड ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर सफाई देते हुए कई शॉकिंग खुलासे किए हैं।

सैम बॉम्बे पर पूनम का हैरान करने वाला खुलासा
दरअसल, पिछले कुछ वक्त से पूनम पांडे बोल्डनेस के अलावा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी चर्चाओं में थी। वो लंबे समय से घरेलू हिंसा का शिकार हुईं थी, जिसका खुलासा उन्होंने 'लॉक अप' में किया था। अपना दर्द बताते हुए पूनम ने कहा था कि उसके पति सैम बॉम्बे उन पर काफी ज्यादा कंट्रोल रखते थे। यहां तक की फोन भी इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं थी। अगर एक्ट्रेस अपने डॉगी को प्यार करती तो उसे पीटा जाता था।

शराब पीकर रात में पीटने का आरोप
इतना नहीं अपने पूर्व पति पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए पूनम पांडे ने कहा था कि उनके साथ ये सब पिछले 4 सालों से हो रहा था। एक्ट्रेस के मुताबिक वो सुबह से लेकर रात तक शराब पीता था, वहीं रात को प्रताड़ित करता था। उन्हें सैम के कमरे में रहना पड़ता था, क्योंकि उनके अकेले रहने पर मनाही थी। बता दें कि पूनम पांडे की पुलिस शिकायत के बाद सैम को गोवा पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 353, 503, 506 और 354 के तहत गिरफ्तार भी किया था। हालांकि अब पूनम और सैम अलग हो चुके हैं।

घरेलू हिंसा के आरोपों पर सैम ने तोड़ी चुप्पी
वहीं अब पूनम के इन संगीन आरोपों के बाद हसबैंड सैम बॉम्बे ने शॉकिंग खुलासे करते हुए घरेलू हिंसा के आरोपों पर चुप्पी तोड़ी है। सैम बॉम्बे ने अपने ऊपर लगे आरोपों को नकारते हुए पूनम पांडे संग अपने रिश्तों की कलई खोल दी। उन्होंने अपने रिश्ते की धज्जियां उड़ाते हुए पूनम पांडे को बेवफा बताते हुए कहा कि उनकी पत्नी में वफादारी के अलावा सभी क्वॉलिटीज हैं।

'यह सब बस लाइमलाइट में बने रहने के लिए'
पूनम पांडे के हैरान कर देने वाले आरोपों के बाद ई-टाइम्स को दिए अपने इंटरव्यू में सैम ने कहा कि उन्होंने सबके सामने अपनी साइड रखी है, लेकिन हकीकत कोई नहीं जानता। इसी के साथ उन्होंने पूनम पांडे के खुलासे पर कहा कि वो जो भी कह रही हैं, वो काफी दुख पहुंचाने वाला है। उन्होंने यह सब बस लाइमलाइट में बने रहने के लिए किया है, जैसा की उनको खबरों में रहना पसंद है।

पूनम नहीं बल्कि वो हुए घरेलू हिंसा के शिकार
सैम ने कहा कि पूनम ने उन पर हनीमून पर छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, लेकिन कुछ दिनों बाद उसने उसे फोन किया और कहा "उसे पता नहीं था कि छेड़छाड़ क्या है।" इतना ही नहीं सैम बॉम्बे ने इशारों में कहा कि घरेलू हिंसा की शिकार पूनम नहीं बल्कि वो हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि कहा कि लाखों पुरुष पीड़ित हैं और उनके पास इससे बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि वो कई बार पुलिस के पास गए, लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिली।

सितंबर 2020 में की शादी, फिर हुए अलग
आपको बता दें कि पूनम पांडे और सैम बॉम्बे ने सितंबर 2020 में शादी की थी। लेकिन गोवा में हनीमून के दौरान उन्होंने अपने पति सैम के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी देने और मारपीट करने के लिए एफआईआर दर्ज करवाई थी, जिसके तहत गोवा पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया था। बाद में पूनम पांडे ने अपनी शिकायत वापस ले ली थी, लेकिन फिर कुछ दिनों बाद पूनम ने सैम पर मारपीट का आरोप लगाया, जिसके बाद दोनों अलग हो गए। हालांकि अभी तक दोनों ने तलाक नहीं लिया है।












Click it and Unblock the Notifications