Salman Khan के पिता सलीम खान कोमा में चले गए थे? भाई सोहेल खान ने बताया ऐसा सच, बोले- पापा नहीं बच पाते
Sohail Khan: बॉलीवुड एक्टर और प्रोड्यूसर सोहेल खान इन दिनों रियलिटी शो 'अलायंस' को लेकर चर्चा में हैं। शो के हालिया एपिसोड में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी का एक ऐसा अनुभव लोगों के साथ शेयर किया है, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को इमोशनल कर दिया। बातचीत के दौरान सोहेल खान ने बताया कि फरवरी 2026 उनके परिवार के लिए बेहद मुश्किल साबित हुआ था, जब उनके पिता और बॉलीवुड के लिजेंड्री राइटर सलीम खान अचानक गंभीर रूप से बीमार पड़ गए थे।
ब्रेन हेमरेज के बाद एक महीने अस्पताल में थे सलीम खान
सोहेल खान ने कहा कि उस वक्त परिवार पर ऐसा संकट आया था, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। रिएलिटी शो में अपनी को-कंटेस्टेंट डेलबार आर्या से बातचीत करते हुए सोहेल खान ने बताया कि उनके पिता सलीम खान को ब्रेन हेमरेज होने के बाद तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि उन्हें लगभग एक महीने तक डॉक्टरों की निगरानी में रहना पड़ा था।

पिता की बीमारी को याद कर इमोशनल हुए सोहेल खान
सोहेल खान ने खुलासा किया कि इलाज के दौरान एक ऐसा पल भी आया था, जब डॉक्टरों ने खान परिवार को साफ शब्दों में कह दिया था कि उनकी पूरी कोशिश जारी है लेकिन सलीम खान को बचा पाना संभव होगा या नहीं, इसकी कोई गारंटी नहीं दी जा सकती। डॉक्टरों ने बताया था कि उनके पिता सलीम खान सेमी कोमा में चले गए हैं और ये सुनकर पूरा परिवार गहरे सदमे में चला गया था।
'ऐसा लगा जैसे पैरों तले जमीन खिसक गई हो'
-अपने भावनात्मक अनुभव को शेयर करते हुए सोहेल खान ने कहा कि डॉक्टरों की बात सुनकर उन्हें ऐसा महसूस हुआ था मानो उनके पैरों तले जमीन ही खिसक गई हो। उस समय उनके मन में सिर्फ एक ही सवाल था कि अगर उनके पिता को कुछ हो गया, तो परिवार खुद को कैसे संभालेगा।
-सोहेल खान ने कहा कि वह अपने माता-पिता के बेहद करीब हैं और हमेशा कोशिश करते हैं कि उनके साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताएं। सोहेल के मुताबिक बच्चों के पास तो पूरी जिंदगी होती है लेकिन उम्रदराज माता-पिता के साथ बिताया गया हर पल अनमोल होता है। यही वजह है कि वह अपने परिवार के साथ समय को सबसे बड़ी दौलत मानते हैं।
'मेरे माता-पिता ही मेरी पूरी दुनिया हैं'
-सोहेल खान ने बातचीत के दौरान कहा कि वह अपने माता-पिता के बिना अपनी जिंदगी की कल्पना भी नहीं कर सकते। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनके लिए उनके माता-पिता ही पूरी दुनिया हैं। अगर उस समय कोई अनहोनी हो जाती तो शायद वह खुद को संभाल नहीं पाते। सोहेल खान ने कहा कि पिता की खराब हालत को देखने के बाद सलमान खान भी काफी टूट गए थे। सोहेल ने बताया कि उनके पिता सलीम खान बेटे सलमान को अपना काफी करीबी मानते हैं और उन पर काफी हद तक निर्भर करते हैं।
-सोहेल खान की बातें सुनकर शो में मौजूद बाकी कंटेस्टेंट्स भी इमोशनल हो गए थे। सोहेल खान ने सभी से अपील की कि जब तक माता-पिता हमारे साथ हैं, उनके साथ हर पल को संजोकर रखना चाहिए क्योंकि समय निकल जाने के बाद वह पल कभी वापस नहीं आता।
सलमान खान ने बढ़ाया छोटे भाई का हौसला
सोहेल खान के इस भावुक एपिसोड के बाद उनके बड़े भाई सलमान खान भी उनके सपोर्ट में सामने आए। सलमान खान ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर 'अलायंस' का प्रोमो शेयर करते हुए लिखा था- Best Wishes Brother और सोहेल खान को टैग किया था। सलमान खान का ये छोटा-सा मैसेज सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया था। फैंस ने इसे दोनों भाइयों के मजबूत रिश्ते और पारिवारिक जुड़ाव की मिसाल बताया।
इन दिनों 'अलायंस' में नजर आ रहे हैं सोहेल खान
आपको बता दें कि सोहेल खान इन दिनों रिएलिटी शो 'अलायंस' में बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रहे हैं। एक्टर कुणाल खेमू इस शो को होस्ट कर रहे हैं। ये शो रोजाना दोपहर 12 बजे ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होता है और दर्शकों के बीच लगातार पॉपुलर हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications