करीना की वजह से सैफ अली खान नहीं है सोशल मीडिया पर, पत्नी की इस सलाह को दिल से माना
मुंबई, 06 सितंबर। फिल्म अभिनेत्री करीना कपूर सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। वह अक्सर अपनी फिटनेस और व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी चीजों को अपने फैंस के बीच शेयर करती रहती हैं। सोशल मीडिया पर करीना के करोड़ो फॉलोवर हैं। लेकिन उनके पति सैफ अली खान सोशल मीडिया पर एक्टिव नहीं हैं और इसके पीछे की खास वजह खुद उनकी पत्नी करीना कपूर हैं। सैफ अली खान ने अपनी पत्नी की सलाह को मानते हुए सोशल मीडिया से दूरी बनाई हूई है।

काफी ट्रोलिंग का हुए थे शिकार
सैफ अली खान ने इस बात को खुद साझा किया है और कहा कि करीना कपूर ने मुझे सोशल मीडिया से दूर रहने की सलाह दी थी , जिससे मुझे सोशल मीडिया के ट्रोल्स से निपटने में आसानी होती है। जिस तरह से सैफ अली खान और करीना कपूर ने अपने बच्चों का नाम तैमूर और जहांगीर रखा उसके बाद दोनों को सोशल मीडिया पर इसके लिए काफी ट्रोल किया गया। दोनों को बेहतर पता है कि सोशल मीडिया पर किस बुरी तरह से लोग ट्रोलिंग करते हैं।

पत्नी की सलाह को माना
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में सैफ अली खान ने कहा कि मैं ट्रोल के कमेंट को नहीं पढ़ता हूं, मैं इससे दूर रहता हूं और यह काफी कूल है। क्योंकि इससे मुझे फोकस करने में मदद मिलती है। मुझे इसकी लत लग सकती है। मैं खुद को गूगल करता था कि मैंने क्या कहा था, मुझे कुछ बात अच्छी नहीं लगे और फिर मेरा मूड खराब हो जाता था। मेरी पत्नी ने बताया कि तुम ये सब ना करो। इसके बाद मैंने ये सब बंद कर दिया, मैं खुद सोचने लगा कि आखिर मैं क्या कर रहा था।

सोशल मीडिया पर बहुत नफरत है
सैफ ने कहा कि सोशल मीडिया के बारे में कुछ खास है वह यह कि यह बहुत ही खतरनाक है। वहां बहुत ज्यादा नफरत है, आपको नहीं पता है कि कौन बात कर रहा है। लोग आपके साथ बहुत हिंसा करते हैं, वो कुछ भी कहते हैं। बॉलीवुड बबल को दिए इस इंटरव्यू में सैफ के साथ अर्जुन कपूर भी थे। अर्जुन ने कहा कि दरअसल ऐसा जो लोग करते हैं वो वही लोग हैं जो आपको फॉलो भी करते हैं, इससे भ्रम पैदा होता है। ये लोग ऐसा ध्यान खींचने के लिए करते हैं। मेरे लिए सोशल मीडिया बतौर इंसान, एक्टर और स्टार जीवन का सिर्फ एक हिस्सा है।

सोशल मीडिया पर नहीं हैं सैफ
बता दें कि सैफ अली खान का सोशल मीडिया पर आधिकारिक अकाउंट नहीं है। जबकि करीना कपूर इंस्टाग्राम पर मई 2020 से हैं और अक्सर अपने परिवार से जुड़ी अपडेट शेयर करती हैं। सैफ कई बार करीना के साथ पोस्ट में नजर भी आते हैं। सैफ की आने वाली फिल्म भूत पुलिस का पोस्टर करीना ने शेयर किया है, जिसमे सैफ के साथ अर्जुन कपूर और यामी गौतम, जैकलीन फर्नांडिज हैं।












Click it and Unblock the Notifications