सब्यसाची को ट्रोलर्स ने किया टारगेट, तो फैंस बोले- 'आम भारतीय महिला को मॉडल बनते नहीं देख सकते...'
सब्यसाची के इस ज्वैलरी एड में ऐसा क्या दिखा कि भड़क गए यूजर्स, कहा- इस डिजाइनर का हर बार यही है
मुंबई, 29 नवंबर: भारत के मशहूर फैशन डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी एक बार फिर से अपने ज्वैलरी कलेक्शन को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का शिकार हो रहे हैं। पिछली बार एक मंगलसूत्र के विज्ञापन में कामुकता को दिखाने को लेकर सब्यसाची मुखर्जी की सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना की गई थी। इस बार सब्यसाची मुखर्जी अपने लेटेस्ट जूलरी डिजाइन को लेकर चर्चा में आ गए हैं। डिजाइनर ने हाल ही में अपने ब्रांड के फाइन ज्वैलरी ऑटम विंटर 2021 कलेक्शन कैंपेन की शुरुआत की। जिसको देखकर यूजर्स भड़क गए। हालांकि वहीं सब्यसाची मुखर्जी के फैंस और उनके समर्थकों ने ट्रोलर्स को आड़े हाथ भी लिया। आइए जानें क्या है पूरा माजरा।

सब्यसाची के मॉडल को देख भड़के यूजर्स
मशहूर फैशन डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी ने हाल ही में ज्वैलरी ऑटम विंटर 2021 कलेक्शन कैंपेन के लिए कुछ तस्वीरें शेयर कीं। ज्वैलरी कैंपेन के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर में सब्यसाची के जूलरी और कपड़ों से सजी तीन सुपर मॉडल हैं। इसे इंस्टाग्राम कैप्शन दिया गया है, "सब्यसाची फाइन ज्वैलरी, जिसमें 22k सोने, शानदार कटे हीरे, ओपल, मोती, पन्ना, एक्वामरीन और रंगीन पत्थर हैं।"
इन्ही तीनों मॉडलों की आलोचना की जा रही है क्योंकि तीनों मॉडल फोटो में काफी नाखुश और दुखी दिख रही हैं। लोगों ने कहा है कि आखिर सब्यसाची मुखर्जी ने अपनी मॉडल्स को फोटो में इतना दुखी और नाखुश रहने के लिए क्यों बोला है।

'हम ऐसे गहने क्यों खरीदे, जिसको पहन दुखी होना पड़े'
सब्यसाची मुखर्जी के इस एड को देखकर एक यूजर ने लिखा है, ''किसी ऐसी चीज पर पैसा क्यों बर्बाद करें जिससे आपको ऐसा लगे कि आप अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे हैं?।'' वहीं एक महिला यूजर ने लिखा, 'हम ऐसे गहने क्यों खरीदे, जिसको पहन दुखी होना पड़े।'
एक अन्य यूजर ने पूछा है, सब्यसाची.. किसकी मौत का ये मातम है? एक अन्य यूजर ने लिखा, ये इतने उदास क्यों हैं, जैसे कोई भूत देख लिया हो। या इनको डराया गया है।

'हंस दे बहन....'
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने फोटो में मॉडल्स की रूप, अभिव्यक्ति की भी आलोचना की और उन्हें "अधिक मुस्कुराने" के लिए कहा। एक यूजर ने लिखा, "ये इतने उदास क्यों दिख रहे हैं, क्या ये फोटोशूट जबरन किया गया है।'' एक ने लिखा, ऐसा लगता है कि सभी शोक सभा में आए हैं। वहीं एक ने लिखा, हंस दे बहन।

ट्रोलर्स को भी मिला करारा जवाब
सब्यसाची मुखर्जी को इस एड पर ट्रोल करने वालों को भी कई यूजर्स ने करारा जवाब दिया है। एक महिला यूजर ने लिखा, ''इन 3 मॉडलों को उनके लुक्स को लेकर ट्रोल करने वाली महिलाओं की संख्या बहुत अधिक है। ये विज्ञापन सचमुच सब्यसाची के गहनों के लिए है, ना की मॉडल्स की चमकती और मुस्कुराती चेहरों के लिए। असल में बात ये है कि किसी विज्ञापन में औसत भारतीय महिलाओं की तरह दिखने वाली मॉडल में आप लोगों को समस्या होती है। आम भारतीय महिला को मॉडल बनते नहीं देख सकते।''
वहीं एक अन्य महिला यूजर ने लिखा, ''इस कैंपन के पीछे का मकसद है कि महिलाओं को सिंपल और नो मेकअप लुक में दिखाना। डिजाइर ने दिखाने की कोशिश कि है कि बिना तामझाम के भी अच्छे गहने पहन आप खूबसूरत दिख सकती हैं।''

मंगलसूत्र कैंपेन को लेकर भी ट्रोल किए गए थे सब्यसाची
इससे पहले द रॉयल बंगाल मंगलसूत्र कैंपेन के लिए सब्यसाची ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए थे। सब्यसाची के मंगलसूत्र कैंपेन के ऐड में एक समलैंगिक जोड़े को दिखाया गया था और इसे 'अश्लील' और 'शर्मनाक' कहा गया था।












Click it and Unblock the Notifications