रुपाली गांगुली की वकील का बड़ा बयान, सौतेली बेटी ईशा वर्मा ने की ऐसी हरकत, केस में आया नया मोड़
Rupali Ganguly 'Anupamaa' Controversy: टीवी के फेमस शो 'अनुपमा' की लीड एक्ट्रेस रुपाली गांगुली इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ के चलते लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। दरअसल रुपाली की सौतेली बेटी ईशा वर्मा ने उन पर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए थे।
रुपाली गांगुली ने सौतेली बेटी पर किया मानहानि केस
वहीं इन आरोपों के बाद रुपाली गांगुली ने अपनी सौतेली बेटी ईशा पर 50 करोड़ रुपये की मानहानि का केस कर दिया था। इस कानूनी कार्रवाई के बाद ईशा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट को प्राइवेट कर लिया था। फिलहाल उन्होंने अपना एक्स (ट्विटर) अकाउंट भी डिलीट कर दिया है।

ईशा वर्मा ने ट्विटर अकाउंट किया डिलीट
रुपाली गांगुली की सौतेली बेटी ईशा वर्मा ने वो सारे पोस्ट भी डिलीट कर दिए हैं, जिसमें रुपाली पर आरोप लगाए थे। अब रुपाली की वकील सना रईस खान का कहना है कि ये दिखाता है कि वो गलत थीं और उनके आरोपों से एक्ट्रेस की छवि को नुकसान पहुंच रहा था।
वकील सना रईस खान का बड़ा बयान
'बिग बॉस 17' में नजर आ चुकीं वकील सना रईस खान ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा- मेरी क्लाइंट रुपाली गांगुली की सौतेली बेटी ने हमारे कानूनी नोटिस के बाद अपमानजनक पोस्ट हटा दिए हैं और यहां तक कि अपना एक्स (ट्विटर) अकाउंट भी डिलीट कर दिया है।
सना ने कहा- ये हमारी जीत को दर्शाता है
सना रईस खान ने आगे कहा- ये रिजल्ट सच्चाई और जवाबदेही के लिए हमारी जीत को दर्शाता है। ये पुष्टि करता है कि लापरवाह और हानिकारक बयानों का सार्वजनिक क्षेत्र में कोई स्थान नहीं है। हमारे कानूनी नोटिस के बाद अपमानजनक पोस्ट को हटाना न सिर्फ गलत काम करने को स्वीकार करना दिखाता है, बल्कि हमारे मामले की मजबूती और वैलिडिटी को भी दिखाता है। ये मामला किसी की प्रतिष्ठा और गरिमा की सुरक्षा में जवाबदेही के महत्व पर एक मिसाल कायम करता है।
ईशा ने वीडियो में किया था ऐसा दावा
आपको बता दें कि रुपाली गांगुली की सौतेली बेटी ईशा वर्मा ने सोशल मीडिया पर कई खुलासे किए थे। उन्होंने अपने आखिरी वीडियो में बताया था कि कैसे वो रुपाली गांगुली के आसपास सुरक्षित महसूस नहीं करती हैं। उनके पिता अश्विन के वर्मा और सौतेली मां रुपाली गांगुली ने उन्हें ऐसा महसूस करवाया, जैसे उन्हें उनकी कोई परवाह नहीं है।
ईशा ने रुपाली पर लगाए थे ऐसे आरोप
ईशा ने वीडियो में सौतेली मां रुपाली गांगुली के बेटे रुद्रांश से भी माफी मांगी थी। ईशा ने कहा था- मुझे खेद है कि इसे इतना आगे बढ़ना पड़ा लेकिन आपने मुझसे कभी माफी नहीं मांगी। न ही आपने मेरी बात सुनी। आपने हमेशा मुझे चुप करा दिया। मैं आपकी तरह ही एक फिल्म निर्माता बनना चाहती थी, लेकिन आपने कभी मुझे प्रोत्साहित नहीं किया।
साल 2020 की एक पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
आपको बता दें कि रुपाली गांगुली और उनकी सौतेली बेटी ईशा वर्मा के बीच ये विवाद तब शुरू हुआ, जब ईशा की साल 2020 की एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। इसके बाद ईशा ने इन दावों को दोहराया।
ईशा ने रुपाली को कंट्रोलिंग करने वाली महिला कहा था
फिर से सामने आए पोस्ट में ईशा ने आरोप लगाया कि रुपाली का उनके पिता अश्विन के साथ तब संबंध था, जब वो अपनी पहली पत्नी के साथ (ईशा की मां) शादीशुदा थे। ईशा ने रुपाली को कंट्रोलिंग करने वाली महिला भी कहा था। ईशा ने वीडियो में कहा था कि रुपाली ने उन्हें और उनकी मां को जान से मारने की धमकी भी दी थी।












Click it and Unblock the Notifications