रिचा चड्ढा को यूजर ने कहा- तुम्हारा जल्दी ही तलाक हो जाएगा, गुस्साई एक्ट्रेस ने ट्विटर ही छोड़ दिया
मुंबई, 11 अक्टूबर: रिचा चड्ढा उन फिल्म अभिनेत्रियों में से एक हैं जो सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर लगातार सोशल मीडिया पर अपनी राय रखती रहती हैं। अपनी बेबाकी को लेकर अक्सर ही उनको असहज करने वाले कमेंट का सामना करना पड़ता है। अमूमन वो ऐसे यूजर्स को सख्त भाषा में जवाब देती दिखती हैं लेकिन इस बार उन्होंने ट्विटर से दूर होने का फैसला लिया है। एक ट्विटर यूजर के उनका तलाक होने की बात कहने के बाद उन्होंने कहा कि वो ट्विटर छोड़ रही हैं।

ट्विटर जहरीला, छोड़ रही हूं
रिचा चड्ढा ने ट्वीट करते हुए लिखा है, इस ऐप को अपने फोन से डिलीट कर रही हूं। ये बहुत ज्यादा जहरीला होता जा रहा है। रिचा चड्ढा ने इसके बाद अपना अकाउंट फिलहाल प्राइवेट कर लिया है। हाल ही में रिचा का तलाक हो जाने की बात एक यूजर ने कही थी, लग रहा है कि इसके बाद ही उन्होंने ट्विटर से अलग होने का फैसला लिया है।

'तुम्हारा भी आमिर की तरह तलाक होगा'
दरअसल रिचा ने हाल ही में अपने प्रेमी अली फजल के साथ एक फोटो ट्विटर पर शेयर की थी। इस पर सर्वेश नाम के एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, ये बताो तुम्हारा तलाक कब हो रहा है, क्योंकि तुम्हारी शादी आमिर खान की तरह ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। रिचा ने इस पर जवाब देते हुए लिखा- सर्वेश, मेरी छोड़, तुझ भिखारी से स्वेच्छा से शादी नहीं की किसी ने तो बौरा रहा है? दहेज तो लड़की ने मांगा होगा तेरे केस में? ना शक्ल,ना अक्ल और गरीब? मम्मी एलपीजी से चूल्हे पे आ गई होंगी? पायलागू आंटी? ये बेरोजगार बस यहीं चौड़ा हो सकता है। रिचा के इस कमेंट की कई यूजर्स ने तारीफ की थी लेकिन शायद रिचा को ये इतना बुरा लगा कि उन्होंने ट्विटर से जाने का फैसला लिया।

अली फजल के साथ रिश्ते में हैं रिचा
अली फजल और रिचा 2012 में फिल्म 'फुकरे' के सेट पर मिले थे। इसके कुछ साल बाद दोनों ने एक दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया। दोनों शादी का फैसला भी कर चुके हैं। दोनों बीते साल ही शादी करने वाले थे लेकिन कोरोना के चलते दोनों ने अपनी शादी टाल दी थी। माना जा रहा है कि इस साल दोनों शादी कर लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications