विजय देवरकोंडा संग शादी पर रश्मिका मंदाना ने किया रिएक्ट, बता दी असली तारीख
रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा को लेकर चल रही शादी की अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है। बीते कुछ दिनों से यह खबर तेजी से फैल रही थी कि दोनों 2 फरवरी 2026 को शादी करने जा रहे हैं। हालांकि अब खुद रश्मिका मंदाना ने सामने आकर इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है और साफ कर दिया है कि ऐसी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।

उदयपुर पैलेस वीडियो से भड़की थीं चर्चाएं
दरअसल, इन अफवाहों को हवा तब मिली जब एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने उदयपुर पैलेस से एक वीडियो शेयर किया। वीडियो में महल में भव्य तैयारियां दिखाई दे रही थीं और दावा किया गया कि यहां किसी बड़ी सेलिब्रिटी की शादी होने वाली है। जल्द ही सोशल मीडिया पर यह कयास लगने लगे कि यह शादी रश्मिका और विजय की ही है। इसके बाद 2 फरवरी को उदयपुर में दोनों की शादी की खबरें तेजी से वायरल हो गईं।
रश्मिका ने खुद बताया सच
इन चर्चाओं पर तब विराम लगा जब बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट में रश्मिका मंदाना का बयान सामने आया। अभिनेत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विजय देवरकोंडा से उनकी शादी की खबरें पूरी तरह निराधार हैं और 2 फरवरी को ऐसा कोई भी कार्यक्रम नहीं हो रहा है। उनके इस बयान के बाद 2 फरवरी की शादी वाली अफवाहों पर तो रोक लग गई, लेकिन सोशल मीडिया पर अब 26 फरवरी को लेकर नई अटकलें शुरू हो गई हैं।
पहले भी उड़ चुकी हैं सगाई की खबरें
यह पहली बार नहीं है जब इस जोड़ी को लेकर शादी या सगाई की खबरें सामने आई हों। पिछले साल भी कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि रश्मिका और विजय ने एक निजी समारोह में सगाई कर ली है। हालांकि, तब भी दोनों ने इन खबरों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी थी, जिससे अफवाहों को और बल मिला।
फिल्मों से शुरू हुई नजदीकियां
माना जाता है कि रश्मिका और विजय की नजदीकियां फिल्म 'गीता गोविंदम' के बाद बढ़ीं। इसके बाद दोनों ने 'डियर कॉमरेड' में भी साथ काम किया। पर्दे पर उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया, जिसके बाद से ही दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
साथ दिखने से बढ़ती हैं अटकलें
हालांकि रश्मिका और विजय ने कभी भी अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया है, लेकिन उन्हें अक्सर एक साथ इवेंट्स, ट्रैवल डेस्टिनेशन और निजी मौकों पर देखा गया है। यही वजह है कि फैंस और मीडिया के बीच उनकी शादी को लेकर अटकलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। फिलहाल, अभिनेत्री के बयान के बाद इतना तय है कि 2 फरवरी को शादी की खबरें महज अफवाह थीं।












Click it and Unblock the Notifications