रणबीर और आलिया की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' ने पहले दिन ही बनाया ये रिकॉर्ड, बॉक्स पर कर ली इतनी कमाई
फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन काफी जानदार साबित हुआ है। खबर है कि इस मूवी ने एक ही दिन में छप्पड़ फाड़ कमाई की है।
मुंबई, 10 सितंबरः बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर और उनकी रियल लाइफ पत्नी आलिया भट्ट की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और लोग इसे देखने भी जा रहे हैं। आपको बता दें कि 'बॉयकॉट ब्रह्मास्त्र' ट्रेंड के बीच भी रणबीर और आलिया के फैंस इस फिल्म को देखने के लिए थिएटरों में पहुंच रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्टारर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' को क्रिटिक्स का ठीक-ठाक रिस्पॉन्स मिला है। बॉयकॉट की मुहिम के बीच ओपनिंग डे पर जहां लगा कि दर्शकों की भीड़ देखने को नहीं मिलेगी, वहीं ये बात गलत साबित होती नजर आई। आपको बता दें कि इस फिल्म के पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन काफी जानदार साबित हुआ है। खबर है कि इस मूवी ने एक ही दिन में छप्पड़ फाड़ कमाई की है।

सभी की निगाहें फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' पर हैं टिकीं
पिछले कुछ समय से बॉलीवुड की कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लगातार फेल हो रही थीं। बॉलीवुड की ऐसी हालत को देखकर इंडस्ट्री के लोगों से लेकर आम जनता तक हर कोई परेशान नजर आ रहा था। बड़ी से बड़ी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरफ से फ्लॉप साबित हो रही थीं। यहां तक कि बड़े बड़े स्टार्स जैसे आमिर खान और अक्षय कुमार भी फेल होते नजर आ रहे थे। साउथ के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा की बॉलीवुड डेब्यू फिल्म 'लाइगर' भी कुछ खास परफॉर्म नहीं कर पाई। ऐसे में सभी की निगाहें अयान मुखर्जी की फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' पर टिकी थीं।
Recommended Video

'ब्रह्मास्त्र' ने ओपनिंग डे पर की दमदार कमाई
फिल्म मेकर्स को भी इस मूवी से काफी उम्मीदें थीं। लोगों को लग रहा था कि ये फिल्म कमाल कर जाएगी। हालांकि रिलीज से पहले सोशल मीडिया पर जमकर इस फिल्म का बॉयकॉट किया जा रहा था। बावजूद इसके फिल्म ब्रह्मास्त्र ने पहले दिन करीब 36 करोड़ रुपए की कमाई की है। बॉक्स ऑफिस इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ये ऑल इंडिया कमाई है।

490 करोड़ रुपए के बजट में बनी हैं ये फिल्म
फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' से पहले वर्किंग डे पर ऐसा ही कमाल साउथ की सुपरहिट फिल्म 'बाहूबली- द कन्क्लूजन' ने किया था। वहीं हिंदी, मलयालम, कन्नड़, तमिल और तेलुगू में रिलीज हुई फिल्म ब्रह्मास्त्र की ओपनिंग डे की कमाई देखने के बाद अब सभी को इसकी अच्छी कमाई की उम्मीद नजर आ रही है। लोगों का मानना है कि वीकेंड पर ये फिल्म और ज्यादा कमाई करेगी। आपको बता दें कि इस फिल्म का बजट करीब 490 करोड़ रुपये है। ऐसे में इस फिल्म से बम्पर कलेक्शन की उम्मीद की जा रही है। जानकारी के अनुसार फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' देशभर में 5 हजार जबकि वर्ल्डवाइड में 8 हजार स्क्रीन्स पर रिलीज की गई है।

फिल्म हो गई थी ऑनलाइन लीक
फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के रिलीज होते ही मेकर्स को एक बहुत बड़ा झटका लगा है। दरअसल फिल्म के रिलीज होने के कुछ देर बाद ही ये ऑनलाइन लीक हो गई थी। मेकर्स का मानना है कि इससे फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर बुरा असर पड़ सकता है। आपको बता दें कि रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की इस फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से अच्छी और बुरी दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।

रिलीज से पहले फिल्म का हो रहा था बॉयकॉट
फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के रिलीज से दो दिन पहले ट्विटर पर #BoycottBramhashtra, #Brahmastra, #boycottaliabhatt और #boycottranbirkapoor ट्रेंड हो रहा था। इन हैशटैग के साथ सोशल मीडिया यूजर्स फिल्म 'ब्रह्मास्त्र', रणबीर कपूर, आलिया भट्ट, अयान मुखर्जी और करण जौहर पर सीधे तौर पर निशाना साध रहे थे। लोग उन सभी पर अपनी भड़ास निकाल रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications