रणबीर कपूर-आलिया भट्ट आज लेंगे सात फेरे, दूल्हे की मां ने बताया कहां होगी शादी
रणबीर कपूर-आलिया भट्ट आज लेंगे सात फेरे, दूल्हे की मां ने बताया कहां होगी शादी
मुंबई, 14 अप्रैल: रणबीर कपूर और आलिया भट्ट गुरुवार यानी आज 14 अप्रैल को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। रणबीर की मां नीतू कपूर और बहन रिद्धिमा कपूर ने बुधवार (13 अप्रैल) को पापराजी से पुष्टि की थी कि शादी वास्तव में 14 अप्रैल को होगी। वहीं 13 अप्रैल की रात आलिया और रणबीर के सजे-धजे घर भी इस बात की पुष्टि करने के लिए काफी है कि उनकी शादी 14 को होने वाली है। आइए जानें हल्दी से लेकर शादी कहां होगी।

रणबीर कपूर के घर वास्तु में होगी शादी
दूल्हे की मां और एक्ट्रेस नीतू कपूर ने बताया है कि आलिया और रणबीर की शादी 14 अप्रैल को रणबीर कपूर के घर वास्तु में होगी। करीबी सूत्रों के मुताबिक 14 अप्रैल की सुबह सबसे पहले आलिया और रणबीर की हल्दी की रस्म होगी। जिसमें परिवार और करीबी लोग ही शामिल होंगे। वहीं दोपहर 3 से 4 बजे के बीच आलिया और रणबीर शादी करेंगे।

13 अप्रैल को हो चुकी है मेहंदी की रस्म
नीतू कपूर और रिद्धिमा (रणबीर की बहन) ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि शादी 14 अप्रैल को होगी। लेकिन इससे पहले रणबीर के चाचा रणधीर कपूर ने कहा था कि शादी 15 अप्रैल को होनी है।

मेहंदी में पहुंचे ये गेस्ट
मेहंदी की रस्म बुधवार को रणबीर के घर वास्तु में हुई। नीतू, रिद्धिमा और उनकी बेटी समारा, करीना कपूर और करिश्मा कपूर, रीमा जैन और अरमान जैन, श्वेता नंदा और बेटी नव्या नवेली नंदा जैसे रणबीर के करीबी परिवार के सदस्य समारोह में देखे गए। समारोह के दौरान आलिया की तरफ से उनकी मां सोनी राजदान, पिता महेश भट्ट और बहनें पूजा भट्ट और शाहीन भट्ट मौजूद थीं।

आलिया की तारीफ में सासू मां ने कही ये बात
नीतू कपूर से जब पैपराजी ने होने वाली बहू आलिया के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ''उसके बारे में अब मैं क्या बोलूं, वह सबसे अच्छी है। भगवान उन्हें आशीर्वाद दें।'' वहीं ननद रिद्धिमा कपूर साहनी ने कहा, बहुत प्यारी है यार। बहुत प्यारी है, एक गुड़िया की तरह।''

शादी के बाद 9 सितंबर को रिलीज होगी आलिया-रणबीर की फिल्म
जैसे ही शादी का जश्न शुरू हुआ, आलिया और रणबीर की ब्रह्मास्त्र टीम ने भी कपल को बधाई दी। आलिया और रणबीर को लेकर ब्रह्मास्त्र के उनके रोमांटिक सीन को शेयर किया गया, छोटे से वीडियो में केसरिया गाने की झलक भी दिखाई दी। आलिया और रणबीर की ब्रह्मास्त्र एक साथ पहली फिल्म है, जो इस साल 9 सितंबर को रिलीज होगी।

आलिया-रणबीर की लव स्टोरी
आलिया और रणबीर की प्रेम कहानी अयान मुखर्जी की ब्रह्मास्त्र के सेट पर शुरू हुई थी। आलिया और रणबीर ने 2018 में सोनम कपूर और आनंद आहूजा के रिसेप्शन में एक जोड़े के रूप में अपनी पहली सार्वजनिक उपस्थिति दर्ज कराई थी। आलिया और रणबीर ने कई मौकों पर कहा भी है कि 2018 में उन्होंने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था।












Click it and Unblock the Notifications