'कोई मर्द डायरेक्टर इतना दमदार नहीं', Toxic का बोल्ड सीन देख राम गोपाल वर्मा ने किस महिला निर्देशक की तारीफ?
Ram Gopal Varma Reviews Toxic Teaser: बॉलीवुड के सबसे बेबाक और बिंदास फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा एक बार फिर अपने बोल्ड और बेबाक बयान के कारण चर्चा में हैं। सालों पहले उर्मिला मातोंडकर की 'रंगीला' जैसी कल्ट फिल्म के डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा Toxic फिल्म के टीजर में कार में फिल्माए गए बोल्ड रोमांटिक सीन पर मर मिटे हैं। वो इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने फिल्म की महिला निर्देशक की तारीफ करते हुए दो टूक कह दिया- "कोई मर्द डायरेक्टर इतना दमदार नहीं।"
दरअसल, ब्लॉकबस्टर सुपरस्टार यश की आपकमिंग फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स' का टीज़र 8 जनवरी को उनके बर्थडे पर रिलीज हुआ है। जिसने इंटरनेट पर आते ही तहलका मचा दिया है। फिल्म निर्माता राम गोपाल वर्मा ने इस फिल्म की निर्देशक गीतू मोहनदास की खुलकर प्रशंसा की है और उनके विजन को असाधारण बताया है। जानिए कौन हैं ये महिला डॉयरेक्टर?

'टॉक्सिक' का टीजर देख रामू ने लिखी ये पोस्ट
टीज़र देखने के बाद राम गोपाल वर्मा ने 'एक्स' पर हैरानी जताई कि इतनी दमदार फिल्म का निर्देशन एक महिला ने किया है। उन्होंने लिखा, 'यश अभिनीत 'टॉक्सिक' का ट्रेलर देखने के बाद मुझे कोई संदेह नहीं है कि गीतू मोहनदास महिला सशक्तिकरण का सबसे बड़ा प्रतीक हैं। इस महिला की तुलना में कोई भी पुरुष निर्देशक इतना दमदार नहीं है। मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा कि उन्होंने यह शूट किया है'। रामू ने अपनी पोस्ट के अंत में टीजर का लिंक भी शेयर किया है।
'टॉक्सिक' के टीजर में कार में यश का बोल्ड रोमांटिक सीन
'टॉक्सिक' का दो मिनट का यह टीज़र एक कब्रिस्तान में शुरू होता है, जहां शांतिपूर्वक अंतिम संस्कार चल रहा होता है। तभी घटनास्थल पर एक कार पहुंचती है और सन्नाटा खत्म हो जाता है। गाड़ी के भीतर, इंटीमेट बोल्ड सीन दिखता है। एक्शन से भरपूर टीज़र में एक्टर यश एक महिला के साथ बोल्ड रोमांस सीन करते हैं,
इसके बाद, घने कोहरे के बीच हाथ में सिगरेट लिए यश का किरदार 'राया' कार से बाहर आता है। सिगार पीते हुए, वह बेखौफ अंदाज़ में बंदूक निकालता है और अंतिम संस्कार के दृश्य में चारों तरफ धमाकों के बीच अंधाधुंध फायरिंग करता है। अंत में एक्टर यश एक बड़ा काला कोट पहनते हैं और कहते हैं, "डैडी इज होम।"
'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स'
'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन अप्स' शीर्षक वाली इस फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के तहत वेंकट के. नारायण और यश ने मिलकर किया है। यश और गीतू ने मिलकर इस फिल्म की कहानी लिखी है।
बतौर लीड एक्टर यह यश की 19वीं फिल्म है, जिसमें वह एक बोल्ड गैंगस्टर अवतार में नजर आएंगे। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी कन्नड़ और अंग्रेजी में फिल्माई गई यह फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल और मलयालम सहित अन्य भाषाओं में भी डब भाषा में रिलीज की जाएगी।
फिल्म में यश के साथ मुख्य भूमिकाओं में नयनतारा, हुमा कुरैशी, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे सितारे भी हैं। इन सभी कलाकारों के फर्स्ट लुक टीज़र जारी होने से पहले ही सामने आ चुके थे, जिससे दर्शकों में उत्सुकता और बढ़ गई थी
कौन हैं फिल्म डॉयरेक्टर गीतू मोहनदास?
बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के पहचान बन चुकी गीतू मोहनदास एक मलयाली फिल्ममेकर हैं जिन्होंने एक्टिंग से निर्देशन की ओर कदम बढ़ाया और अब फिल्म 'टॉक्सिक' जैसी बड़े प्रोजेक्ट की कमान संभाली है। गीतू मोहनदास भारतीय सिनेमा की उन चुनिंदा महिला निर्देशकों में शामिल हैं जिन्होंने अभिनय से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहे गए निर्देशन तक का सफर तय किया है।
- महज़ 5 साल की उम्र में मलयालम फिल्म 'Onnu Muthal Poojyam Vare' से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट करियर शुरू किया और बाद में 'युवरत्नम', 'सयाह्नम', 'नक्शत्रम' जैसी फिल्मों में अभिनय किया।
- साल 2009 में गीतू ने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा और अपनी शॉर्ट फिल्म 'Kelkkunnundo (Are You Listening?)' से पहचान बनाई, जिसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सराहना मिली।
- 2013 में आई उनकी फीचर फिल्म 'Liar's Dice' ने उन्हें ग्लोबल पहचान दिलाई-इस फिल्म ने दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीते और भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर ऑस्कर के लिए भी भेजी गई।
- गीतू मोहनदास की अगली बड़ी फिल्म 'Moothon' (2019) रही, जिसे कान्स फिल्म फेस्टिवल में स्क्रीन किया गया और इसकी संवेदनशील लेकिन बोल्ड कहानी ने क्रिटिक्स का ध्यान खींचा।
- अब गीतू अपनी अब तक की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म 'Toxic: A Fairytale for Grown-Ups' को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें उनके बोल्ड विज़न और रोमांटिक सीन की तारीफ खुद राम गोपाल वर्मा जैसे डायरेक्टर ने की है।












Click it and Unblock the Notifications