'रामगोपाल वर्मा का सिर काटकर लाने वाले को मिलेगा 1 करोड़ का इनाम', डायरेक्टर ने दर्ज की शिकायत, जानें मामला
Ram Gopal Varma: बॉलीवुड से लेकर साउथ फिल्मों तक के मशहूर डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा इस समय सुर्खियों में छाए हुए हैं। फिल्म 'व्यूहम' के कारण उन्हें कई तरह के विवादों का सामना करना पड़ा रहा है। खबर है कि डायरेक्टर रामगोपाल वर्मा ने सामाजिक कार्यकर्ता कोलिकापुडी श्रीनिवास के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
राम गोपाल वर्मा को मिली धमकी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कोलिकापुडी श्रीनिवास ने रामगोपाल वर्मा के सिर पर एक करोड़ रुपये का ऐलान किया है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कोलिकापुडी श्रीनिवास ने ऐलान किया था कि रामगोपाल वर्मा का सिर काटकर लाने वाले को 1 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। इस संबंध में रामगोपाल वर्मा ने गत 26 दिसंबर 2023 को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी।

कोलिकापुडी श्रीनिवास के खिलाफ शिकायत
ऑनलाइन शिकायत के बाद रामगोपाल वर्मा गत 27 दिसंबर 2023 को विजयवाड़ा में पुलिस महानिदेशक के ऑफिस पहुंचे और कोलिकापुडी श्रीनिवास के खिलाफ लिखित में शिकायत दर्ज कराई। आपको बता दें कि कोलिकापुडी श्रीनिवास ने राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'व्यूहम' से आहत होकर उनके सिर पर एक करोड़ का इनाम रखा है।
रामगोपाल वर्मा का सिर काटकर लाने वाले को मिलेगा इनाम
टीवी5 को दिए एक इंटरव्यू में कोलिकापुडी श्रीनिवास ने इस बात की घोषणा की थी लेकिन जब एंकर ने उनसे अपने शब्द वापस लेने को कहा तो कार्यकर्ता ने इनकार कर दिया और कहा कि उनके लिए समाज से बड़ा और कोई नहीं है।
रामगोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया पर लिखी ये बात
रामगोपाल वर्मा ने कोलिकापुडी श्रीनिवास का ये इंटरव्यू वीडियो अपने एक्स अकाउंट पर शेयर किया और लिखा है- मैं कोलिकापुडी श्रीनिवास के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर रहा हूं। उन्होंने ट्वीट में आंध्र प्रदेश पुलिस को टैग करते हुए लिखा है- इसे ऑनलाइन शिकायत के नजरिए से देखें। खबर है कि रामगोपाल वर्मा ने टीवी5 के एंकर संबाशिव राव और मालिक बीआर नायडू के खिलाफ भी शिकायत दर्ज करवाई है।
क्यों रामगोपाल वर्मा की 'व्यूहम' पर हो रहा है विरोध?
इंटरव्यू वीडियो में कोलिकापुडी श्रीनिवास कह रहे हैं कि रामगोपाल वर्मा ने अल्पसंख्यक समुदाय पर ऐसी फिल्में बनाईं, तो उन्हें उनके ही घर में जलाकर मार दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार रामगोपाल वर्मा की 'व्यूहम' के खिलाफ खूब विरोध-प्रदर्शन हो रहा है। कई लोगों ने हाल ही हैदराबाद में उनके ऑफिस के बाद प्रदर्शन किया और डायरेक्टर का पुतला तक फूंका गया है। रामगोपाल वर्मा ने इसका वीडियो को एक्स अकाउंट पर शेयर किया है।
मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी के निधन की घटना
आपको बता दें कि रामगोपाल वर्मा ने अपनी फिल्म 'व्यूहम' में आंध्र प्रदेश की राजनीति को दिखाने की कोशिश की है। इस वजह से कई राजनीतिक पार्टियों को ये फिल्म खटक रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस फिल्म में वो घटनाक्रम भी हैं, जो आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी के निधन के दौरान घटे थे।












Click it and Unblock the Notifications