राजू श्रीवास्तव की बेटी भी हैं 'असली फाइटर', 12 साल की उम्र में ऐसा काम कर जीत चुकी हैं वीरता पुरस्कार
नई दिल्ली: कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। बीते 10 अगस्त से वो दिल्ली एम्स में भर्ती थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वो रिकवर नहीं हो सके। उनके ब्रेन में संक्रमण हुआ था, ऐसे में उनकी हालत बिगड़ती चली गई। पिछले काफी दिनों से कॉमेडियन की बेटी अंतरा श्रीवास्तव चर्चा का बिषय बनी हुई हैं, जो लगातार राजू श्रीवास्तव के फैन्स को उनके हेल्थ से जुड़ा अपडेट दे रही थीं।

क्या करती हैं अंतरा?
पिछले कुछ दिनों से लोग अंतरा के बारे में गूगल पर सर्च कर रहे हैं। वैसे तो वो पेशे से डायरेक्टर हैं, लेकिन 12 साल की उम्र में उन्होंने ऐसा कारनामा किया था, जिसके लिए उनको वीरता पुरस्कार मिला। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक दिन राजू श्रीवास्तव के घर में चोरों का झुंड घुस आया था। उस वक्त अंतरा की उम्र 12 साल थी और वो अपने मां के साथ घर में ही थीं। चोरों को घर लूटना था, ऐसे में वो पूरी तैयारी के साथ हथियार लेकर आए थे।

2006 में राष्ट्रीय बाल पुरस्कार
घर में घुसने के बाद चोरों ने अंतरा की मां पर हथियार तान दिया, लेकिन वो उनसे बचकर छिप गईं। इसके बाद वो धीरे से बेडरूम में पहुंचीं और उन्होंने घर के बाहर खड़े चौकीदार को पूरी घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में घटना की जानकारी पुलिस और राजू श्रीवास्तव को भी मिल गई। फिर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और चोरों को पकड़कर सभी को छुड़ाया। इस बहादुरी के लिए अंतरा को 2006 में राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

10 मिनट में बदली जिंदगी
बाद में एक इंटरव्यू में अंतरा ने उस घटना के बारे में विस्तार से बताया था। उनके मुताबिक जब चोर घर में घुसे तो वो हथियारों से लैस थे। उनको थोड़ा डर लगा, लेकिन वो तुरंत बेडरूम में गईं। वहां से उन्होंने पुलिस और अपने पिता को फोन कर पूरी खबर दी। फिर उन्होंने चौकीदार से मदद मांगी। बाद में वो और उनकी मां बच गईं। उस 10 मिनट ने ही उनकी पूरी जिंदगी बदलकर रख दी।

इन फिल्मों में किया काम
अब अंतरा भी बॉलीवुड में पूरी तरह से सेट हो चुकी हैं। 2013 में उन्होंने 'फ्लाइंग ड्रीम एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड' के लिए बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर और डायरेक्टर काम शुरू किया। उनकी फिल्मों में 'फुल्लू', 'पलटन', 'द जॉब', 'पटाखा' और 'स्पीड डायल' का नाम शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications