राजू श्रीवास्तव को एम्स से शिफ्ट करने का है प्लान? भाई दीपू ने दिया बड़ा अपडेट
नई दिल्ली, 16 सितंबर: लोकप्रिय कॉमेडियन अभिनेता राजू श्रीवास्तव पिछले एक महीने से अधिक समय से दिल का दौरा पड़ने के कारण दिल्ली एम्स में भर्ती हैं। डॉक्टर दिन-रात उन्हें फिर से होश में लाने की कोशिश कर रहे हैं। राजू श्रीवास्तव के भाई दीपू श्रीवास्तव ने शुक्रवार को जानकारी दी कि, उनके भाई अभी भी जीवन रक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) पर हैं। बता दें कि, हार्ट अटैक के बाद राजू को ब्रेन हेमरेज हुए था। जिसके बाद से वह बेहोश हैं।

राजू अभी भी बेहोश हैं
दीपू श्रीवास्तव ने कहा कि उनके भाई धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं, लेकिन वह अभी भी बेहोश है। हालांकि, सुधार की गति धीमी है, लेकिन वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे। उनकी हालत स्थिर है और वह फिलहाल वेंटिलेटर पर ही हैं। 35 दिन हो गए हैं, मगर चिकित्सकों का कहना है कि राजू ठीक होने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। हमें आप सभी की प्रार्थनाओं की जरूरत है।
Recommended Video

डॉक्टर्स कई बार वेंटिलेटर हटाने के बारे में विचार कर चुके हैं
यह पूछे जाने पर कि क्या परिवार अभिनेता को मुंबई के किसी अन्य अस्पताल में स्थानांतरित करने की योजना बना रहा है, जहां राजू श्रीवास्तव रहते हैं, दीपू ने कहा कि ऐसी कोई योजना नहीं थी। उन्होंने कहा, उनका इलाज एम्स में किया जाएगा और उनके ठीक होने के बाद हम उन्हें घर ले जाएंगे। हमें चिकित्सकों पर पूरा भरोसा है। डॉक्टर्स कई बार वेंटिलेटर हटाने के बारे में विचार कर चुके हैं।

राजू के ब्रेन के उपरी हिस्से तक ऑक्सीजन की सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है
हालांकि बार-बार बुखार आने की वजह से राजू का वेंटिलेटर सपोर्ट हटाया नहीं गया। बता दें कि बीते 1 महीने में राजू को 4 बार बुखार आ चुका है। डॉक्टर्स ने मीडिया हाउस से बातचीत के दौरान कहा था कि राजू के ब्रेन के उपरी हिस्से तक ऑक्सीजन की सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है। यही कारण है कि अब तक उन्हें होश नहीं आया है। हालांकि, इसका इलाज करने के लिए न्यूरो फीजियोथेरेपी का सहारा लिया जा रहा है।

श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष हैं
राजू श्रीवास्तव को 10 अगस्त को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती करवाया गया था और उसी दिन उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी। श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष हैं। उन्हें 2005 में स्टैंड-अप कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' के पहले सीजन में भाग लेने के बाद काफी लोकप्रियता मिली थी। उन्होंने ‘मैंने प्यार किया', ‘बाजीगर', ‘बॉम्बे टू गोवा' (रीमेक) और ‘आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया' जैसी फिल्मों में अभिनय किया है।












Click it and Unblock the Notifications