एक महीने से बेहोश पड़े राजू श्रीवास्तव की पत्नी ने भगवान से की प्रार्थना, दोस्त पहुंच रहे हैं मंदिर
राजू श्रीवास्तव की पत्नी ने सभी फैंस से उनके लिए प्रार्थना करने के लिए कहा है। वहीं पत्नी शिखा भी राजू के लिए भगवान के सामने प्रार्थना करती नजर आई हैं।
मुंबई, 8 सितंबरः देश के फेमस स्टैंड अप कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को गत 10 अगस्त को हार्ट अटैक आया था जिसके बाद से वह अब तक दिल्ली के एम्स में बेहोश पड़े हैं। एक महीने तक होश न आने के चलते अब एम्स के डॉक्टरों की भी चिंता बढ़ने लगी है। डॉक्टरों की मानें तो राजू श्रीवास्तव अभी भी वेंट्लेटर सपोर्ट पर हैं और बेहोश हैं। एक महीने तक बेहोश रहना उनके शरीर के लिए बिल्कुल भी अच्छा संकेत नहीं है। होश में न आने के कारण उनका सही से इलाज भी संभव नहीं हो पा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो राजू श्रीवास्तव की पत्नी ने सभी फैंस से उनके लिए प्रार्थना करने के लिए कहा है। वहीं पत्नी शिखा भी राजू के लिए भगवान के सामने प्रार्थना करती नजर आई हैं।
Recommended Video

आंखें खोलने की आई थी खबर
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार राजू श्रीवास्तव की हेल्थ में भले ही हल्का सुधार है लेकिन उनका अब तक होश में न आना डॉक्टरों को सही नहीं लग रहा है। कई हालिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि राजू श्रीवास्तव ने अपनी आंखें खोली थीं और अपनी पत्नी शिखा का हाथ पकड़ लिया था। उनके अंगों में भी हलचल देखी गई थी। एक महीने के बाद, प्रशंसकों को ये खबर जानने के बाद राहत मिली थी।

पत्नी ने कहा- हालत स्थिर है
रिपोर्टों के बारे में स्पष्टीकरण देते हुए राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा ने बॉम्बे टाइम्स को बताया था- मैं केवल इतना कह सकती हूं कि उनकी हालत स्थिर है और वह अभी भी वेंटिलेटर पर हैं। मेडिकल टीम अपना सर्वश्रेष्ठ कर रही है और हम सभी आपकी प्रार्थना चाहते हैं, इसलिए कि वह ठीक हो जाएं और हमारे साथ वापस आ जाएं।

दोस्तों ने पनकी मंदिर में की प्रार्थना
राजू के मुख्य सलाहकार अजीत सक्सेना और राजू के करीबी दोस्तों ने कानपुर के पनकी मंदिर में जाकर भगवान हनुमान के दर्शन किए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की है। कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव के प्रशंसकों की ओर से ट्विटर पर भी शुभकामनाएं दी जा रही हैं। लोग उनके जल्द होश में आने की दुआएं मांग रहे हैं।

राजू को हो गया था संक्रमण
मेडिकल टीम ने बताया था कि राजू के लिए हालात बीच में ज्यादा खराब हो गई थी। उनके करीबी पारिवारिक मित्र डॉ. अनील मोरारका ने बताया था- राजू जी को कुछ दिन पहले संक्रमण हो गया था, लेकिन वह कुछ समय में ठीक हो गया था। उन्हें बुखार हो गया था और इसलिए टीम अब अत्यधिक सावधानी बरत रही है ताकि संक्रमण न हो। कोई भी अंदर न जाए। केवल उनकी पत्नी और बेटी को ही अंदर जाने की अनुमति है।

सभी लोग कर रहे हैं राजू के लिए प्रार्थना
पत्नी शिखा ने लोगों से कहा- प्रार्थना करो वहीं राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा ने लोगों को बताया है कि राजू अभी भी वेंटिलेटर पर हैं और सभी से उसके लिए प्रार्थना करने का आग्रह किया है। पत्नी शिखा ने कहा कि राजू का होश में आना बहुत ही जरूरी हैं। अब डॉक्टर भी उन्हें लेकर चिंतित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी अनुरोध किया कि कोई भी अफवाह न फैलाएं और झूठी कहानियों पर विश्वास न करें क्योंकि यह परिवार के सदस्यों के मनोबल को प्रभावित कर रही है।

गत 10 अगस्त को आया था हार्ट अटैक
आपको बता दें कि राजू श्रीवास्तव गत 10 अगस्त को दिल्ली के एक होटल के जिम में ट्रेडमिल पर वॉक कर रहे थे। वर्कआउट के दौरान ही वह गिरकर बेहोश हो गए थे। जिम के स्टाफ उन्हें तुरंत दिल्ली के एम्स लेकर पहुंचे थे जहां पता चला कि उन्हें हार्ट अटैक आया है।












Click it and Unblock the Notifications