राहुल फाजिलपुरिया फायरिंग केस में नया मोड़, कैसे हुआ था हमला? क्यों जुड़ा रहा है सिद्दू मूसेवाला से कनेक्शन?
Rahul Fazilpuria: फेमस हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हुए हमले के मामले में अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है। आज यानी 15 जुलाई 2025 (मंगलवार) को पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान फायरिंग के निशान बरामद किए हैं।
सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हुआ हमला
साथ ही घटनास्थल के पास से एक टाटा पंच कार भी जब्त कर ली गई है। अब गुरुग्राम के बादशाहपुर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

फाजिलपुरिया को फिर से मिली पुलिस सुरक्षा
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ महीनों पहले राहुल फाजिलपुरिया की सुरक्षा हटा दी गई थी। लेकिन गत 14 जुलाई 2025 (सोमवार) को हुई फायरिंग की घटना के बाद, अधिकारियों ने सिंगर को एक बार फिर सुरक्षा मुहैया कराई है।
राहुल फाजिलपुरिया पर कैसे हुई था हमला?
-गत 14 जुलाई 2025 को गुरुग्राम के सदर्न पेरिफेरल रोड पर बादशाहपुर के पास राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग की गई थी। सिंगर उस वक्त अपनी कार में मौजूद थे और किसी तरह इस जानलेवा हमले से बाल-बाल बच निकले।
-बताया जा रहा है कि टाटा पंच गाड़ी में सवार कुछ अज्ञात हमलावरों ने उनकी ओर गोलियां चलाईं। जैसे ही गोलियां चलीं, राहुल फाजिलपुरिया ने तुरंत हालात को समझते हुए अपनी गाड़ी से मौके से भाग निकलने में कामयाबी हासिल की। ये पूरी घटना फाजिलपुर गांव के पास मुख्य मार्ग पर हुई थी।
-हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स को कुछ दिन पहले ये जानकारी मिली थी कि कुछ बदमाश किसी पॉपुलर सिंगर को टारगेट करने की योजना बना रहे हैं। अब इस हमले के बाद एसटीएफ और गुरुग्राम पुलिस मिलकर पूरे इलाके में छापेमारी कर रही है।
कौन हैं राहुल फाजिलपुरिया?
राहुल यादव, जिन्हें लोग राहुल फाजिलपुरिया के नाम से जानते हैं, हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं। कर गई चुल, 32 बोर और 2 मेनी गर्ल्स जैसे हिट गानों से उन्होंने एक खास पहचान बनाई है।
एल्विश यादव के बेहद करीबी हैं फाजिलपुरिया
राहुल फाजिलपुरिया मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 2 के विजेता एल्विश यादव के बेहद करीबी दोस्त भी माने जाते हैं। इस साल की शुरुआत में दोनों एक म्यूजिक वीडियो के चलते विवाद में घिर गए थे, जिसमें कथित तौर पर सांपों के जहर का अवैध इस्तेमाल किया गया था। सोशल मीडिया पर फाजिलपुरिया की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। इंस्टाग्राम पर उन्हें 12 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
सिद्धू मूसेवाला की तरह बनाया गया निशाना?
रैपर और सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर जिस तरह से बीच सड़क फायरिंग की गई है, ठीक इसी तरह 29 मई 2022 को पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला को निशाना बनाया गया था। मानसा के एक गांव के पास कुछ अज्ञात हमलावर आए थे और उन्होंने सिद्दू मूसेवाला पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया था। उस घटना से हर किसी का दिल दहल गया था।












Click it and Unblock the Notifications