'मुझे इस फिल्म के कलेक्शन से जलन हो रही और.....', कश्मीर फाइल्स पर बोले आर माधवन
नई दिल्ली, 17 मार्च: कश्मीरी पंडितों के दर्द को बयां करने वाली फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। जल्द ही ये लो बजट फिल्म 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी। वैसे तो अधिकांश फिल्मी सितारों ने अभी तक इस फिल्म पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन अब इस पर बॉलीवुड एक्टर आर. माधवन का बयान सामने आया है। जिसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।

माधवन को हो रहा गर्व
दरअसल एक शख्स ने ट्विटर पर 'द कश्मीर फाइल्स' के कलेक्शन का डेटा शेयर किया। उन्होंने लिखा कि ये सच्चाई की शक्ति है। इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए आर माधवन ने लिखा कि ये अविश्वसनीय और अभूतपूर्व है। मुझे बहुत जलन हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने हंसने वाला इमोजी बनाया। आगे एक्टर ने लिखा कि मुझे कश्मीर फाइल्स की टीम पर गर्व और उनके कलेक्शन के लिए खुशी है।

6 दिन में 87 करोड़
कोरोना महामारी के बाद जब सरकार ने पाबंदियां हटाई तो कई फिल्में रिलीज हुईं, लेकिन कश्मीर फाइल्स जैसा प्रदर्शन किसी का नहीं रहा। पहले ही दिन इस फिल्म ने 3.55 करोड़ का बिजनेस किया था। गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 6 दिन में इस फिल्म ने 87.40 करोड़ रुपये कमाए हैं। आने वाले दो-तीन दिनों में ये फिल्म 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी।

हाउसफुल चल रहे शो
आपको बता दें कि द कश्मीर फाइल्स 90 के दशक में कश्मीर पंडितों पर हुए जुल्म पर आधारित है। इस फिल्म में अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी और दर्शन कुमार मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री के मुताबिक कई सिनेमाघरों ने बॉलीवुड माफिया के डर से फिल्म को दिखाने से इनकार कर दिया था, इसके बावजूद ये फिल्म शानदार प्रदर्शन कर रही है। साथ ही कई थिएटर में लगातार इसके शो हाउसफुल चल रहे हैं।

फिल्म पर राजनीति भी जारी
वहीं दूसरी ओर इस फिल्म को लेकर राजनीति भी जारी है। एक ओर सरकार और बीजेपी इस फिल्म का समर्थन कर रही है, जिस वजह से कई राज्यों में इसे टैक्स फ्री कर दिया गया। तो वहीं दूसरी ओर विपक्ष का दावा है कि ये फिल्म पर प्रोपेगेंडा फैलाने के लिए बनाई गई है।












Click it and Unblock the Notifications