Chandrayaan-3: चांद पर 'चंद्रयान-3' के पहुंचते ही प्रकाश राज ने ISRO को दी बधाई, अब ट्वीट में लिख दी ऐसी बात
Chandrayaan-3: इसरो के 'चंद्रयान-3' ने चांद पर सफल सॉफ्ट लैंडिग कर ली है। इस समय आम लोगों से लेकर बॉलीवुड सेलेब्स तक भारत के इस गर्व भरे पल का जश्न मनाने में लगे हुए हैं। सभी लोग सोशल मीडिय पर इसरो को बधाई संदेश भेज रहे हैं और अपनी खुशी जता रहे हैं। वहीं 23 अगस्त (बुधवार) की शाम को एक्टर प्रकाश राज ने 'चंद्रयान 3' के चांद पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग पर इसरो को बधाई दी। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर भारत के सफल चंद्रयान-3 मिशन का जश्न मनाते हुए एक पोस्ट शेयर किया है।
प्रकाश राज ने चंद्रयान-3 की सफलता पर किया ट्वीट
प्रकाश राज ने अपने ट्वीट पर लिखा है- भारत और मानव जाति के लिए ये गर्व का क्षण है... #इसरो #चंद्रयान #विक्रम लैंडर और इसे संभव बनाने में योगदान देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद। ये हमें हमारे ब्रह्मांड के रहस्य का पता लगाने और जश्न मनाने के लिए मार्गदर्शन कर सकता है।

प्रकाश राज ने किया विवादित ट्वीट
आपको बता दें कि प्रकाश राज ने गत 20 अगस्त 2023 की रात को ट्विटर पर एक पोस्ट किया था जो बड़ी तेजी से वायरल हुआ था। इस पोस्ट में उन्होंने 'चंद्रयान-3' और विक्रम लैंडर को लेकर एक कार्टून शेयर किया था। इस ट्वीट के बाद से ही लोग प्रकाश राज की जमकर आलोचना कर रहे थे। सोशल मीडिया पर उनका खूब मजाक उड़ाया जा रहा था।
प्रकाश राज ने 'चंद्रयान 3' का उड़ाया था मजाक
लोगों को प्रकाश राज का मजाक बिल्कुल पसंद नहीं आया था। प्रकाश राज ने ट्विटर पर एक कार्टून पोस्ट किया था, जिसमें एक किरदार चाय के साथ नजर आ रहा था। उन्होंने इसके साथ कैप्शन में लिखा था- ब्रेकिंग न्यूज! ये देखिए विक्रम लैंडर से आई चांद की पहली झलक। वाउ!..। प्रकाश राज ने अपने इस ट्वीट में किसी का नाम तो नहीं लिया था, लेकिन कार्टून में चाय वाले को देखकर लोग इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जोड़ रहे थे। इसके साथ ही 'चंद्रयान-3' का मजाक बनता देख इसे राष्ट्र का अपमान भी समझ जा रहा था। लोगों ने प्रकाश राज को देशद्रोही तक कह दिया था। हालांकि बाद में उन्होंने अपने इस ट्वीट पर सफाई भी दी थी।












Click it and Unblock the Notifications