Pradeep Rawat की मौत के 24 घंटे बाद कौन-सा सच आया सामने? हार्ट में थे 6 ब्लॉकेज, कैंसर रिपोर्ट ने उड़ाए होश
Pradeep Rawat Death: साउथ से लेकर बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्मों में विलेन का दमदार रोल निभाने वाले एक्टर प्रदीप रावत के निधन से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। बी.आर.चोपड़ा की 'महाभारत' में अश्वत्थामा का किरदार निभाने वाले एक्टर प्रदीप रावत का गत 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) को निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार एक्टर लंबे समय से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। वहीं गत 5 अगस्त 2026 (बुधवार) को एक्टर का अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे विक्रामादित्य ने पिता को मुखाग्नि दी।
पिछले 5 साल से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे प्रदीप रावत
आपको बता दें कि दिवंगत एक्टर प्रदीप रावत लंबे समय से ब्लड कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जूझ रहे थे। इस बीमारी को साथ लेकर ही वह काम भी कर रहे थे। प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने बताया है कि एक्टर पिछले 5 साल से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। हालांकि लगभग 4 साल पहले उनका कैंसर ठीक हो गया था लेकिन वह दोबारा लौटा। अप्रैल 2026 में मेडिकल जांच के बाद उन्हें पता चला कि उनका कैंसर दौबारा लौट आया है।

हार्ट की बाईपास सर्जरी से गुजर चुके थे एक्टर
एक पुराने इंटरव्यू में प्रदीप रावत ने अपने स्टेज 4 ब्लड कैंसर के दर्द की कहानी खुद सुनाई थी। सिद्धार्थ कन्नन को दिए एक इंटरव्यू में प्रदीप रावत ने बताया था कि कैंसर के बावजूद उन्होंने आखिरी समय तक काम करना नहीं छोड़ा था। साल 2024 में दिए एक इंटरव्यू में प्रदीप रावत ने अपनी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की थी। प्रदीप रावत ने बताया था कि कैसे हार्ट की गंभीर बीमारी, बाईपास सर्जरी और चौथे स्टेज के ब्लड कैंसर जैसी चुनौतियों के बाद भी उन्होंने कभी हार नहीं मानी।
'सिनेमा के इतिहास में मेरा नाम अमर रहेगा'
अपने इस इंटरव्यू में प्रदीप रावत ने कहा था कि उन्होंने जिंदगी की सच्चाई को स्वीकार कर लिया है और उन्हें पूरा भरोसा है कि उनके जाने के बाद भी लोग उनके काम को हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा था- जब भी मैं आखिरी बार अपनी आंखें बंद करूंगा, सिनेमा के इतिहास में मेरा नाम कहीं न कहीं अंकित रहेगा। वहीं उन्होंने अपनी जिंदगी के स्ट्रगल का जिक्र करते हुए कहा था- मैं पहले ही आग से गुजर चुका हूं।
शूटिंग के दौरान बिगड़ी थी प्रदीप रावत की तबीयत
प्रदीप रावत ने उस इंटरव्यू में बताया था कि उनकी सेहत की परेशानी की शुरुआत साउथ की एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी। एक फाइट सीन करते समय अचानक उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी थी। प्रदीप रावत ने बताय था- मैं एक साउथ इंडियन फिल्म में फाइट सीन शूट कर रहा था, तभी अचानक मेरी सांस फूलने लगी थी। शूटिंग खत्म होने के बाद मैंने अपनी जांच करवाई क्योंकि मुझे लगा था कि मुझे दिल की कोई समस्या हो गई है।
'दिल की 5 नसों में 90 प्रतिशत से ज्यादा ब्लॉकेज था'
-प्रदीप रावत ने आगे कहा था- मेडिकल रिपोर्ट में पता चला कि मेरे दिल की 5 नसों में 90 प्रतिशत से ज्यादा ब्लॉकेज था। डॉक्टर ने तुरंत एंजियोप्लास्टी और स्टेंट लगाने की सलाह दी। हालांकि मेरी पत्नी ने उन्हें कुछ समय इंतजार करने को कहा क्योंकि उस समय मैं कई ऐसी फिल्मों में काम कर रहा था जिनमें काफी ज्यादा एक्शन सीन्स थे।
-प्रदीप रावत ने इस बारे में बात करते हुए कहा था- उस समय मेरी दो-तीन बड़ी फिल्में चल रही थीं जिनमें एक्शन सीक्वेंस थे। ब्लॉकेज होने का मतलब ये नहीं था कि मैं बिस्तर पर पड़ा रहूं और काम करना बंद कर दूं। बाद में मुंबई के एशियन हार्ट हॉस्पिटल में में हुई जांच में पता चला कि मेरे दिल में 6 जगह गंभीर ब्लॉकेज हैं। इसके बाद मेरी बाईपास सर्जरी हुई। उस दौरान मेरा करीब 20 किलो वजन भी कम हो गया था।
'बाईपास सर्जरी के बाद ब्लड कैंसर का पता चला'
-प्रदीप रावत ने आगे कहा था- बाईपास सर्जरी से उबरने के कुछ समय बाद मुझे एक और बड़ा झटका लगा। एक दिन मैंने अपने मल में खून देखा। जांच करवाने के बाद मुझे पता चला कि मुझे स्टेज 4 ब्लड कैंसर है। परिवार के कुछ कहने से पहले ही मुझे उनके चेहरे देखकर बीमारी का अंदाजा हो गया था। घर में सब लोग सदमे में थे और रो रहे थे। रिपोर्ट देखने के बाद जब वो मेरे पास आए तो मैं उनके चेहरों से समझ गया था कि ये कैंसर है।
-प्रदीप रावत ने कहा था- उस मुश्किल समय में मैंने खुद टूटने के बजाय अपने परिवार को संभालने का फैसला किया था। मैं ही उन्हें सांत्वना दे रहा था। बाईपास सर्जरी के बाद मेरा 20 किलो वजन कम हो गया था और फिर कैंसर के चलते 20 किलो वजन कम हो गया यानी कुल 40 किलो वजन कम हो गया।
'मैं अपने परिवार को हिम्मत देता था'
-आपको बता दें कि साल 2016 में प्रदीप रावत की बाईपास सर्जरी हुई थी और साल 2018 में उन्हें स्टेज-4 ब्लड कैंसर होने की जानकारी मिली थी। हालांकि इतने बड़े स्ट्रगल के बावजूद उन्होंने कभी मौत का डर अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया। उन्होंने अपनी इस बीमारी के बारे में बात करते हुए कहा था- एक पल के लिए भी मुझे ये महसूस नहीं हुआ कि मेरे साथ कुछ होगा। मैं अपने परिवार को हिम्मत देता था। मैं हर दिन दो घंटे एक्सरसाइज करता हूं और मैं किसी भी चीज के लिए तैयार हूं।
-प्रदीप रावत ने बताया था कि जब उन्हें चौथे स्टेज के ब्लड कैंसर का पता चला था तो उन्हें अपनी दिवंगत मां की बातें याद आने लगी थीं। मां को याद करते हुए वह इमोशनल हो गए थे। उन्होंने कहा था- मुझे अपनी मां की याद आई थी। वो अब हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनका आशीर्वाद मेरे साथ बना रहा।
-एक्टर ने कहा था- मेरी मां ने मुझे बहुत कुछ सिखाया। मेरा सबसे बड़ा अफसोस यही है कि उनके निधन के समय मैं उनके साथ नहीं था। मैं एक दूरदराज के जंगल में शूटिंग कर रहा था, जहां पहुंचने में पूरा एक दिन लग गया। मेरी मां के गुजर जाने से मेरी सारी हिम्मत टूट गई थी।
प्रदीप रावत का फिल्मी सफर
-प्रदीप रावत ने चार दशक से भी ज्यादा समय तक हिंदी, तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली, भोजपुरी, नेपाली और मराठी फिल्मों में काम किया था। उन्होंने 1980 के दशक में एक्टिंग की शुरुआत की थी लेकिन उन्हें असली पहचान बी.आर. चोपड़ा के मशहूर टीवी सीरियल 'महाभारत' में गुरु द्रोणाचार्य के बेटे अश्वत्थामा का रोल निभाकर मिली थी।
-इसके बाद 'गजनी' और एस.एस. राजामौली की फिल्म 'सई' में प्रदीप रावत के निभाए विलन के किरदारों ने उन्हें भारतीय सिनेमा के सबसे यादगार खलनायकों की लिस्ट में शामिल कर दिया था। जीवन के आखिरी समय में वह लगातार फिल्मों में एक्टिव रहे। 'वाल्टेयर वीरय्या', 'गुलू गुलू' और 'छावा' उनकी आखिरी फिल्मों में शामिल रहीं।


Click it and Unblock the Notifications
