38वें दिन फिर बॉक्स ऑफिस पर गरजा Pathan, टूट गया प्रभास की 'बाहुबली 2' का रिकॉर्ड
रिलीज होने के एक महीने के बाद भी शाहरुख खान की फिल्म पठान का जलवा फैंस के बीच बरकरार है। फिल्म कमाई के सारे रिकॉर्ड पहले ही तोड़ चुकी है और अब नए रिकॉर्ड कायम करने की ओर बढ़ रही है।

Pathan Box Office: शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' का बॉक्स ऑफिस पर जलवा कायम है। फिल्म को रिलीज हुए पूरे 38 दिन हो चुके हैं। ऐसे में एक महीने से ज्यादा समय के बाद भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दहाड़ रही है। गुरुवार को फिल्म की कमाई की बात करें, इसके हिंदी वर्जन ने 70 लाख रुपये की कमाई की। वहीं शुक्रवार को फिल्म ने 1 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। कमाई के मामले में इसने बाहुबली 2 की फेज 1 रिलीज की कमाई को भी पीछे छोड़ दिया है।
यशराज फिल्म्स की 'पठान' किसी भी बॉलीवुड फिल्म को टिकने नहीं दे रही है। फिल्म की ताबड़तोड़ कमाई रिलीज होने के एक महीने के बाद भी लगातार जारी है। इसके हिंदी वर्जन से फिल्म की कमाई 38 दिनों में 506.35 करोड़ रुपये हो चुकी है। पठान के आगे ना तो कार्तिक आर्यन की 'शहजादा' टिक पाई और ना ही अक्षय कुमार और इमरान हाशमी की सेल्फी कोई कमाल कर सकी।
सेल्फी ने आठवें दिन भी शुक्रवार को महज 34 लाख रुपये का कलेक्शन किया है। 'पठान' की बात करें, तो फिल्म ने पहले हफ्ते में 348 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी। वहीं दूसरे हफ्ते में 90 करोड़ रुपये कमाए थे। तीसरे हफ्ते की बात करें, तो फिल्म की कमाई 44.90 करोड़ रुपये रही थी। वहीं चौथे हफ्ते में फिल्म ने 13.75 करोड़ की शानदार कमाई की। पांचवे हफ्ते में 8.70 करोड़ रुपये फिल्म ने कमाए। और अब 38वें दिन की बात की जाए, तो फिल्म की कमाई 1 करोड़ रुपये है।
'पठान' के वर्ल्डवाइड कलेक्शन में भी काफी इजाफा हुआ है। फिल्म ने अब तक 1028 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। मेकर्स की मानें, तो फिल्म ने 38 दिनों में विदेशों में 386.80 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम स्टारर पठान का क्रेज फैंस के बीच अब भी देखने को मिल रहा है।
'पठान' अगले कुछ दिनों में देश में हिंदी में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने वाली है। ऐसे में फैंस शाहरुख की इस धमाकेदार फिल्म को लेकर काफी एक्साइटेड नजर आ रहे हैं। फिल्म ने प्रभास की बाहुबली के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। पठान के आगे अक्षय कुमार और इमरान हाशमी की सेल्फी ने भी घुटने टेक दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications