इन 5 वजहों से सुपरहिट हो गई है फिल्म 'पठान', इस तरह शाहरुख खान की फिल्म ने चलाया लोगों पर जादू
Pathaan Bumper Hit Reasons: शाहरुख खान ने फिल्म 'पठान' की रिलीज से पहले किसी भी तरह की प्रेस कॉन्फ्रेंस, मीडिया इंटरव्यू या मूवी का प्रमोशन नहीं किया।

Pathaan Bumper Hit Reasons: बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। इस फिल्म ने पिछले 7 दिनों में 600 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार कर लिया है। शाहरुख खान की इस फिल्म ने कमाई के मामले में पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उम्मीद की जा रही है कि अगले वीकेंड तक फिल्म 'पठान' बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली आमिर खान की फिल्म 'दंगल' के 387 करोड़ कमाई के रिकॉर्ड को तोड़ सकती है। फिल्म 'पठान' का रिलीज से पहले काफी विरोध किया गया था लेकिन रिलीज के बाद इस मूवी ने अपना एक अलग ही जादू चलाया। इस फिल्म में अपने किरदार से शाहरुख खान ने लोगों के दिल में एक अलग जगह बना ली है। आइए आपको बताते हैं कि आखिर वो कौन से 5 कारण हैं जिनके चलते फिल्म 'पठान' सुपरहिट साबित हुई है।

फिल्म की रिलीज से पहले मीडिया से दूर थे शाहरुख खान
शाहरुख खान ने फिल्म 'पठान' की रिलीज से पहले किसी भी तरह की प्रेस कॉन्फ्रेंस, मीडिया इंटरव्यू या मूवी का प्रमोशन नहीं किया। दरअसल शाहरुख खान नहीं चाहते थे कि उनकी ये कमबैक फिल्म रिलीज से पहले किसी भी तरह के विवाद में फंस जाए या फिर उनके इंटरव्यू के चलते कोई समस्या खड़ी हो जाए। आपको बता दें कि इससे पहले शाहरुख की कई फिल्मों जैसे 'दिलवाले', 'फैन' और 'जब हैरी मेट सेजल' की रिलीज से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उठे विवाद के चलते उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। यही वजह रही कि इस बार शाहरुख खान ने फिल्म 'पठान' के रिलीज से पहले किसी भी तरह का मीडिया इंट्रैक्शन नहीं किया।

सोशल मीडिया के जरिए फैंस से की बातचीत
फिल्म 'पठान' के लीड हीरो शाहरुख खान ने अपने फैंस तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया की मदद ली। उन्होंने ट्विटर पर सीधे अपने चाहने वालों से बातचीत की और उनके सवालों का जवाब दिया। इस तरह जहां उन्हें सोशल मीडिया पर खबरों में रहने का मौका मिला, वहीं लोगों के करीब जाने का भी मौका मिला। इसके अलावा शाहरुख खान खान कोलकाता फिल्म फेस्टिवल से लेकर ऑटो एक्सपो और ओवरसीज के इवेंट्स तक में मौजूद रहे ताकि अप्रत्यक्ष रूप से फिल्म 'पठान' का प्रमोशन किया जा सके लेकिन उन्होंने सीधे तौर पर मूवी को लेकर कोई बात नहीं की। आपको बता दें कि दुबई स्थित बुर्ज खलीफा पर फिल्म 'पठान' का ट्रेलर भी दिखआया गया था जिससे फिल्म को मूवी को काफी पॉपुलैरिटी मिली थी।

शाहरुख खान के फैन क्लब्स ने की मदद
शाहरुख खान के फैंस दुनियाभर में मौजूद हैं। सोशल मीडिया पर भी किंग खान की फैन फॉलोइंग तगड़ी है। देश-विदेश में शाहरुख खान के कई सारे फैन क्लब हैं जिन्होंने फिल्म 'पठान' को सुपरहिट बनाने में फिल्म मेकर्स की काफी मदद की है। सोशल मीडिया पर फिल्म के पोस्टर, ट्रेलर और गानों पर रील वीडियोज बनाकर शेयर करने से लेकर फिल्म के रिलीज होने के बाद जश्न मनाने तक का श्रेय इन फैन क्लब्स को ही जाता है। शाहरुख खान ने फिल्म पठान के जरिए 4 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी की है। ऐसे में किंग खान के फैंस ने ग्रैंड अंदाज में उनकी वापसी का जश्न मनाया। शाहरुख खान के चाहने वालों ने फिल्म 'पठान' के लिए पहले दिन देश के तमाम नामी सिनेमाघरों को बुक किया और सुबह से लेकर देर रात तक के कई शोज भी रखवाए।

फिल्म के विवाद पर चुप थे शाहरुख खान
फिल्म 'पठान' के गाने बेशर्म रंग को लेकर जबरदस्त विवाद हुआ था। तमाम संगठनों ने सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक इस गाने में दीपिका के बोल्ड मूव्ज और उनकी बिकिनी के रंग का जमकर विरोध किया था। इस विरोध के चलते ही फिल्म के निर्माताओं को इसका ट्रेलर तय शेड्यूल से लेट रिलीज करना पड़ा था। लेकिन शाहरुख खान ने समझदारी दिखाते हुए इस मामले में चुप्पी साधे रखी और धीरे धीरे विवाद शांत हो गया। हालांकि इस विरोध का फायदा ये हुआ कि यह गाना सुपरहिट हो गया है। आपको बता दें कि इस गाने को अब तक यूट्यूब पर 26 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा है। साथ ही इस विरोध के चलते ही कई लोगों (जो फिल्मों में दिलचस्पी नहीं रखते) को फिल्म पठान के बारे में भी पता चला था।

देशभक्ति का फॉमूर्ला आया काम
लगातार कई फ्लॉप फिल्मों जैसे फैन, जब हैरी मेट सेजल और जीरो के बाद शाहरुख खान ने भी सफलता की गारंटी माने जा रहे देशभक्ति फार्मूले का सहारा लिया। इसका शाहरुख खान को काफी फायदा मिला। पहली बार खुफिया एजेंट के रोल में बड़े पर्दे पर आए शाहरुख खान पर दर्शकों ने खूब प्यार लुटाया। वहीं फिल्म 'पठान' से शाहरुख खान रोमांटिक से एक्शन हीरो भी बन गए। 'पठान' को स्पाई यूनिवर्स की फिल्म होने का भी फायदा मिला, जिसके चलते दर्शकों में इस फिल्म को लेकर काफी क्रेज देखने को मिल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications