Oscar 2026 में अपनी जगह बनाने वाली 'होमबाउंड' इस सच्ची घटना पर है बेस्ड, बजट से लेकर कमाई तक, सब जान लीजिए
India Oscar 2026: सिनेमा की दुनिया में अब अच्छी फिल्म बॉक्स ऑफिस नंबर देखकर नहीं तय की जाती हैं। कुछ दिनों पहले सिनेमाघरों में रिलीज हुई विशाल जेठवा, ईशान खट्टर और जान्हवी कपूर अभिनीत फिल्म 'होमबाउंड' (Homebound Oscar) इसका ताजा उदाहरण है। जिसने 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। फिल्म भारत की तरफ से ऑस्कर 2026 में ऑफिशियली भेजी गई। इसके बाद फिल्म ने बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में अपनी जगह बनाई है।

कहानी, निर्देशक और प्रेरणा
'होमबाउंड' एक संवेदनशील ड्रामा फिल्म है, जिसे नीरज घायवान ने लिखा और निर्देशित किया है। यह फिल्म 26 सितंबर 2025 को रिलीज हुई थी। कहानी न्यूयॉर्क टाइम्स में 2020 में प्रकाशित बशारत पीर के लेख से प्रेरित है। इसे धर्मा प्रोडक्शंस ने फाइनेंस किया है। फिल्म की कहानी बचपन के तीन दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो राष्ट्रीय पुलिस परीक्षा पास कर सम्मानजनक जीवन की तलाश में हैं। इस सफर में उनकी दोस्ती, जाति, धर्म और सामाजिक दबावों की कसौटी पर परखी जाती है। ईशान खट्टर ने मोहम्मद शोएब अली, विशाल जेठवा ने चंदन कुमार वाल्मीकी और जान्हवी कपूर ने सुधा भारती का किरदार निभाया है।
कम बजट, कम कमाई, लेकिन बड़ी पहचान
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'होमबाउंड' (Homebound Budget) का कुल बजट करीब 25 करोड़ रुपये था। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन कमजोर रहा। भारत में इसका कुल कलेक्शन 2.23 करोड़ रुपये और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 2.65 करोड़ रुपये रहा। भले ही 'होमबाउंड' टिकट खिड़की पर कमाल न दिखा पाई हो, लेकिन ऑस्कर शॉर्टलिस्ट में जगह बना ली है। अब देखना है कि फिल्म ऑस्कर जीत पाती है या नहीं?
इन विदेशी फिल्मों से है होमबाउंड की टक्कर
ऑस्कर की इस रेस में 'होमबाउंड' का मुकाबला कई मजबूत विदेशी फिल्मों से है। इनमें अर्जेंटीना की 'बेलेन', ब्राजील की 'द सीक्रेट एजेंट', फ्रांस की 'इट वॉज जस्ट ऐन ऐक्सीडेंट', जर्मनी की 'साउंड ऑफ फॉलिंग' और इराक की 'द प्रेसिडेंट केक' शामिल हैं। इसके अलावा जॉर्डन, जापान, दक्षिण कोरिया, नॉर्वे, स्पेन और स्विट्ज़रलैंड की फिल्में भी इस प्रतिष्ठित सूची का हिस्सा हैं।












Click it and Unblock the Notifications