Operation Safed Sagar Review: वायुसेना के साहस और जांबाजी की कहानी है 'ऑपरेशन सफेद सागर', दिल को छू जाएगी
वेब सीरीज: ऑपरेशन सफेद सागर (Operation Safed Sagar)
स्टारकास्ट: जिमी शेरगिल, सिद्धार्थ, अभय वर्मा, मिहिर आहुजा, तारुक रैना, दीया मिर्जा, प्राजक्ता कोली
डायरेक्टर: ओनी सेन
ओटीटी प्लेटफॉर्म: नेटफ्लिक्स (Netflix)
एपिसोड: 6
रेटिंग: 3 (***)
Operation Safed Sagar Review: कारगिल युद्ध में सेना के जवानों की देशभक्ति, साहस और कुर्बानी पर आपने बड़े पर्दे पर की फिल्में देखी होंगी लेकिन इस जंग में इंडियन एयरफोर्स के योगदान को स्क्रीन पर कम ही स्थान मिला है। ऐसे में वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' भारतीय वायुसेना के उन वीरों को सलामी देती है, जिन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध में अपने अद्भुत साहस, सूझबूझ और हार न मानने के जज्बे से देश के विजय की राह प्रशस्त की थी।

वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' हो गई रिलीज
ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर 6 एपिसोड की वेब सीरीज ऑपरेशन सफेद सागर आज यानी 7 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को रिलीज हो गई है। आइए आपको बताते हैं कि डायरेक्टर ओनी सेन की ये देशभक्ति से सजी वॉर ड्रामा सीरीज कैसी है और आपको इसे क्यों देखना चाहिए।
क्या है 'ऑपरेशन सफेद सागर' सीरीज की कहानी?
-कहानी रेजर ब्लेड के नाम से मशहूर वायुसेना के जांबाज स्वॉड्रन गोल्डन ऐरोज की है, जिन्होंने कारगिल के युद्ध में दुनिया के सबसे ऊंचे और मुश्किल एयर मिशन 'ऑपरेशन सफेद सागर' को सफलतापूर्वक अंजाम दिया था। दरअसल साल 1999 में भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी (अंजन श्रीवास्तव) जब अपने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के साथ अमन की उम्मीद लिए लाहौर बस यात्रा कर रहे थे और पड़ोसी मुल्क के पीएम नवाज शरीफ (विनय पाठक) के साथ शांति के मसौदे साइन कर रहे थे, तब पाकिस्तान के तत्कालीन आर्मी चीफ परवेज मुशर्रफ (मनु ऋषि चड्ढा) भारत की पीठ में छुरा घोंपने की तैयारी में जुटे हुए थे।
-मुशर्रफ के इशारे पर पाकिस्तान के सैनिकों ने लाइन ऑफ कंट्रोल (LOC) पार करके कारगिल, द्रास, बटालिक, मश्कोह जैसी ऊंची भारतीय चोटियों पर कब्जा कर लिया था। पाक सैनिकों के ऊंचाई पर होने के कारण भारतीय सैनिक रोजाना लड़ते हुए शहीद हो रहे थे। तब भारतीय वायुसेना के जवान अपने भाइयों का साथ देने आसमान पर उतरे।
-विंग कमांडर बिरेंद्र सिंह धनोवा (जिमी शेरगिल) के नेतृत्व में स्वॉड्रन लीडर अजय आहूजा (सिद्धार्थ), फ्लाइंग ऑफिसर आरएस धालीवाल उर्फ धाली (अभय वर्मा), सीएच बाल रेड्डी उर्फ बाल्डी (मिहिर आहूजा), जितेंद्र सांगवान सैंगी (तारुक रैना), अमित गुप्ता गूफी (अर्णव भसीन) जैसे योद्धाओं ने 15,000 से 18,000 फीट की ऊंचाई पर दुश्मन की मिसाइलों और जान की परवाह किए बगैर अनगिनत उड़ानें भरी थीं।
-इसमें अजय आहूजा शहीद हो गए थे। फिर भी अत्यधिक इतनी ज्यादा ऊंचाई, कम ऑक्सीजन, खराब मौसम, जेट प्लेन की सीमाओं और नीचे पसरे सफेद सागर सरीखे बर्फ (इसी वजह से इस मिशन का नाम सफेद सागर पड़ा था) जैसी तमाम चुनौतियों के बावजूद इन जांबाजों ने सटीक लेजर बमों से निशाना साधकर दुश्मन के ठिकाने तबाह कर दिए थे और भारत को जीत दिलाई थी।
'ऑपरेशन सफेद सागर' की स्टारकास्ट और उनकी कड़ी मेहनत
-इस वेब सीरीज के क्रिएटर कुशल श्रीवास्तव खुद वायुसेना में रहे हैं। इस कारण ये सीरीज मिशन, उसकी चुनौतियों, एयरफोर्स पायलट की पर्सनल लाइफ, प्रोटोकॉल जैसे पहलुओं को सही तरीके से दिखाती है। आम देशभक्ति फिल्मों की तरह ये लाउड नहीं है।
-साथ ही किसी एक को हीरो नहीं बनाती। हालांकि इस सीरीज में अजय आहूजा बने सिद्धार्थ अपनी शहादत और बीएस धनोवा बने जिमी शेरगिल अपनी बुद्धिमत्ता और निडरता वाली लीडरशिप के कारण ज्यादा उभरकर दिखते हैं लेकिन बाल्डी, धाली, सैंगी यहां तक कि एयर मार्शल बने आदिल हुसैन, सभी को हीरोइज्म दिखाने का बराबर मौका मिला है।
-इसका श्रेय बैलेंस्ड स्क्रीनप्ले और कलाकारों के अभिनय को भी जाता है। आदिल हुसैन, विनय पाठक, मनु ऋषि चड्ढा, जिमी शेरगिल, सिद्धार्थ, अभय वर्मा, मिहिर आहूजा, यहां तक कि कम स्क्रीन स्पेस के बावजूद अजय आहूजा की पत्नी अलका आहूजा बनी अमृता बागची सभी का अभिनय बेहतरीन है। सभी ने अपने किरदार को जीवंत कर दिया है।
-दीया मिर्जा, प्राजक्ता कोहली के पास ज्यादा मौका नहीं था लेकिन वो भी अपनी भूमिका संग न्याय करती हैं। इसके अलावा वरुण सोबती, संजय सूरी, महेश मांजरेकर का कैमियो भी असरदार है।
कैसा है सीरीज का निर्देशन और VFX?
निर्देशक ओनी सेन इस भारी भरकम कास्ट वाली चुनौतीपूर्ण सीरीज को सफल बनाने में कामयाब रहे हैं। उनका निर्देशन कसा हुआ है। तकनीकी पक्ष में सिनेमेटोग्राफर सत्यजीत पांडे तारीफ के हकदार हैं। VFX और बढ़िया हो सकता था। जेट की उड़ान वाले सीन कई बार कमजोर लगते हैं। इसके बावजूद अपने जवानों की जांबाजी और देशभक्ति से भरी ये सीरीज देखी जानी चाहिए।
फाइनल वर्डिक्ट
अपने जवानों की देशभक्ति, जांबाजी और कलाकारों के उम्दा अदाकारी के साथ ही कारगिल युद्ध की एक कम कही-सुनी गई कहानी के लिए नेटफ्लिक्स पर 'ऑपरेशन सफेद सागर' वेब सीरीज को देख सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
