'ये कोई तुम्हारा प्रोडक्शन हाउस नहीं है', NCB ऑफिस लेट पहुंचने पर समीर वानखेड़े ने अनन्या को लताड़ा
मुंबई, 23 अक्टूबर: मुंबई में 2 अक्टूबर को एक क्रूज में चल रही हाई प्रोफाइल ड्रग्स पार्टी से बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान सहित कई लोगों को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने गिरफ्तार किया था। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच कर रही है, वहीं आर्यन खान मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद है। इधर, आर्यन खान की व्हाट्सऐप चैट से कई अहम खुलासे हुए हैं, जिसके बाद एनसीबी ने अपना शिकंजा एक्टर चंकी पांडे की बेटी अनन्या पांडे पर कसा है। एनसीबी ने अनन्या पांडे को शुक्रवार को पूछताछ के लिए बुलाया, जहां एक्ट्रेस तय समय से तीन घंटे लेट पहुंचीं, जिस पर एनसीबी के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने कथित तौर पर अनन्या पांडे को जमकर फटकार लगाई।
Recommended Video

तीन घंटे देरी से एनसीबी ऑफिस पहुंची अनन्या
जानकारी के मुताबिक बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे को ड्रग्स मामले में एनसीबी की जांच के सिलसिले में शुक्रवार को सुबह 11 बजे एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था, लेकिन अनन्या तय समय पर ना पहुंचकर दोपहर 2 बजे एनसीबी के ऑफिस पहुंची, जिसके बाद एनसीबी के जोनल निदेशक समीर वानखेड़े ने कथित तौर पर तीन घंटे देरी से पहुंचने के लिए एक्ट्रेस पर भड़क गए और बुरी तरह से लताड़ लगाई।

'ये कोई तुम्हारा प्रोडक्शन हाउस नहीं है'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक समीर वानखेड़े ने अनन्या पांडे को डांटा और लताड़ लगाते हुए कहा कि 'आपको 11 बजे बुलाया गया था और आप अब आ रही हैं। अधिकारी आप के इंतजार में नहीं बैठे हैं। ये कोई तुम्हारा प्रोडक्शन हाउस नहीं है, ये सेंट्रल एजेंसी का ऑफिस है, जितने बजे बुलाया जाए उस समय पर पहुंच जाया करो।'

लैपटॉप और मोबाइल जब्त
बता दें कि अनन्या पांडे से शुक्रवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारियों ने मुंबई में एजेंसी के ऑफिस में लगभग चार घंटे तक पूछताछ की। इससे पहले अनन्या पांडे गुरुवार को एनसीबी के सामने पेश हुई थीं, जब एजेंसी ने उन्हें मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले के सिलसिले में तलब किया था। एनसीबी ने उसका लैपटॉप और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। दरअसल, एनसीबी को अनन्या पांडे और आर्यन खान के बीच बातचीत के चैट मिले हैं, जिसमें दोनों गांजा खरीदने की चर्चा कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications