अक्षय कुमार की फिल्म 'पृथ्वीराज' का बदल गया नाम, नए नाम से मेकर्स हुए खुश
करणी सेना के लगातार आपत्ति करने के कारण आखिरकार अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म का नाम बदलकर 'सम्राट पृथ्वीराज' कर दिया गया है।
मुंबई, 28 मईः अक्षय कुमार की फिल्म पृथ्वीराज रिलीज होने से पहले कई बार विवादों से घिरती नजर आ रही है। हालांकि फिल्म आगामी 3 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए बिल्कुल तैयार है। जब से फिल्म का ऐलान किया गया है करणी सेना लगातार फिल्म और उसके मेकर्स का विरोध कर रही थी। दरअसल करणी सेना ने फिल्म के नाम पर आपत्ति जताई थी। यही नहीं कई जगह प्रदर्शन भी किए गए। फिल्म प्रोडक्शन कंपनी यशराज फिल्म्स ने अब इसका नाम बदलने का फैसला किया है। करणी सेना को संबोधित करते हुए एक सार्वजनिक पत्र के जरिए इस बदलाव की घोषणा कर दी गई है। करणी सेना की एक जनहित याचिका के बाद यह कदम उठाया गया है। कई बैठकों और नोटिस के बाद आखिरकार पृथ्वीराज का नाम बदल दिया गया है।

सम्राट पृथ्वीराज है नया नाम
आपको बता दें कि फिल्म का नाम पृथ्वीराज से बदलकर अब सम्राट पृथ्वीराज कर दिया गया है। यशराज फिल्म की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि उनका इरादा कभी भी किसी की भावनाओं को आहत या अपमान करने का नहीं था। फिल्म के जरिए वह सम्राट पृथ्वीराज की बहादुरी, उपलब्धियों और देश के इतिहास में उनके योगदान का जश्न मनाना चाहते हैं। बयान में आगे कहा गया है- हमारे बीच हुए आपसी समझौते की हम सराहना करते हैं कि आपको हमारी फिल्म के संबंध में कोई और आपत्ति नहीं है. साथ ही आपके द्वारा पहले उठाए गए अन्य सभी आपत्तियों का अब हमसे कोई लेना देना नहीं है। करणी सेना और उनके सदस्यों को हम धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने फिल्म में महान योद्धा को दिखाने संबंधित हमारे अच्छे इरादों को समझा।
3 जून को रिलीज हो रही है फिल्म
आपको बता दें कि फिल्म सम्राट पृथ्वीराज के लेखक और निर्देशक चंद्रप्रकाश द्विवेदी हैं। फिल्म में अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में नजर आएंगे जबकि उनके अपोजिट नई हीरोइन मानुषी छिल्लर हैं। मानुषी इस फिल्म से डेब्यू कर रही हैं। वह राजकुमारी संयोगिता बनी हैं। इसके अलावा फिल्म में संजय दत्त, सोनू सूद, आशुतोष राणा, साक्षी तंवर, और मानव विज भी नजर आएंगे। फिल्म 3 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।












Click it and Unblock the Notifications