68 साल के फेमस एक्टर का 'जन गण मन' को लेकर चौंकाने वाला दावा, बोले- 'वंदे मातरम' को राष्ट्रगान बनाओ
Mukesh Khanna: टीवी के फेमस एक्टर मुकेश खन्ना अपने बेबाक अंदाज और विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। अब एक बार फिर 'शक्तिमान' फेम अभिनेता अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। उन्होंने देश के राष्ट्रगान 'जन गण मन' को लेकर बड़ा दावा किया है। मुकेश खन्ना का कहना है कि 'जन गण मन' की जगह 'वंदे मातरम' को राष्ट्रगान बनाया जाना चाहिए। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि 'जन गण मन' भारत का अपना राष्ट्रगान नहीं है और इसे जल्द ही बदल दिया जाना चाहिए।
'जन गण मन' को लेकर क्या बोले मुकेश खन्ना?
आईएएनएस से बातचीत के दौरान मुकेश खन्ना ने 'जन गण मन' को लेकर अपनी राय खुलकर रखी। उन्होंने कहा कि वह करीब तीन साल पहले भी 'वंदे मातरम' को राष्ट्रगान बनाए जाने की बात कह चुके हैं। एक्टर ने दावा किया कि 'जन गण मन' को रवींद्रनाथ टैगोर ने ब्रिटिश शासन के दौर में क्वीन एलिजाबेथ के सम्मान में लिखा था।

मुकेश खन्ना ने कहा- 'वंदे मातरम' को राष्ट्रगान बनाया जाए
मुकेश खन्ना ने कहा कि 'भाग्य विधाता पंजाब सिंध' वाला गीत हमारा राष्ट्रगान नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक भारत का वास्तविक राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' है, जिसे लता मंगेशकर ने भी अपनी आवाज दी है। उन्होंने कहा- तीन साल पहले मैं ये बात बोल चुका हूं कि 'वंदे मातरम' को राष्ट्रगान बनाया जाए। ये जन गण मन हमारा नहीं है। ये क्वीन एलिजाबेथ के जमाने में उनके मान में रवींद्रनाथ टैगोर ने स्तुति गान लिखा था।
मुकेश खन्ना ने खुद रिकॉर्ड किया वंदे मातरम
मुकेश खन्ना ने बातचीत में ये भी खुलासा किया कि उन्होंने करीब दो साल पहले संगीतकार जोड़ी कल्याणजी-आनंदजी के साथ मिलकर वंदे मातरम का एक वर्जन रिकॉर्ड किया था। एक्टर के मुताबिक ये गाना करीब सात मिनट लंबा है और वह इसे जल्द रिलीज करने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि उनका रिकॉर्ड किया हुआ वंदे मातरम एक आइकॉनिक गाना बने। मुकेश खन्ना ने ये भी कहा कि आने वाले समय में वह इसे रिलीज करेंगे।
PM मोदी की मुकेश खन्ना ने की तारीफ
-इस दौरान मुकेश खन्ना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम को ज्यादा महत्व देने की दिशा में पहल शुरू हो चुकी है। एक्टर ने दावा किया कि स्कूलों और दूसरे कार्यक्रमों में वंदे मातरम को प्रमुखता दी जा रही है।
-मुकेश खन्ना ने कहा कि उन्हें खुशी है कि वंदे मातरम को फिर से प्रमुखता मिल रही है। उन्होंने इसके पूरे अंतरों को लेकर भी अपनी बात रखी और कहा कि जिन अंतरों को पहले नहीं गाया जाता था, उन्हें भी शामिल किया जाना चाहिए।
एक साल के भीतर रिलीज करेंगे अपना गाना
मुकेश खन्ना ने बताया कि उनके द्वारा रिकॉर्ड किया गया वंदे मातरम अभी तक रिलीज नहीं हुआ है। उनका कहना है कि वह इसे आने वाले करीब एक साल के अंदर रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। अभिनेता को उम्मीद है कि उनका ये वर्जन लोगों को पसंद आएगा और इसे एक खास पहचान मिलेगी।
समय रैना को लेकर भी कर चुके हैं विवादित टिप्पणी
-मुकेश खन्ना पिछले कुछ समय से लगातार अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं। कुछ समय पहले उन्होंने कॉमेडियन समय रैना के कंटेंट और भाषा पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ काफी तीखी टिप्पणी की थी। ये विवाद उस समय और बढ़ गया था जब समय रैना के शो में मुकेश खन्ना को लेकर रोस्ट किया गया था।
-मुकेश खन्ना ने उस दौरान समय रैना के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया था। हालांकि बाद में दोनों एक विज्ञापन में साथ नजर आए। इसके बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने मुकेश खन्ना को निशाने पर लिया और उनके पुराने बयान को लेकर सवाल खड़े किए। अब जन गण मन और वंदे मातरम को लेकर दिया गया उनका ताजा बयान एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।


Click it and Unblock the Notifications
