जैकलीन को कोर्ट से बड़ी राहत, IIFA 2022 में शामिल होने के लिए मिली विदेश यात्रा की मंजूरी
मुंबई, 28 मई: बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडीज को सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग केस में बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने एक्ट्रेस को विदेश यात्रा के लिए मंजूरी दे दी है। जैकलीन को इंटरनेशन इंडियन फिल्म अकादमी (IIFA) अवॉर्ड्स में हिस्सा लेने के लिए कोर्ट ने विदेश यात्रा करने की अनुमति दे दी है। एक्ट्रेस 31 मई से 6 जून के बीच अबू धाबी की यात्रा कर सकती हैं।

जैकलीन फर्नांडीज को बड़ी राहत
दरअसल, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक्ट्रेस के भारत छोड़ने और विदेश यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, क्योंकि एजेंसी सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपए के जबरन वसूली मामले की जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक जैकलीन फर्नांडीज ने दिल्ली की एक अदालत से IIFA 2022 अवार्ड्स में हिस्सा लेने के लिए अबू धाबी के लिए ट्रैवल करने की अनुमति मांगी थी।

31 मई से 6 जून तक विदेश यात्रा की मंजूरी
जैकलीन के वकील ने अदालत में याचिका दाखिल करते हुए बताया था कि वह एक बड़ी एक्ट्रेस हैं, जिन्हें कई इंटरनेशनल प्रोग्राम्स के लिए बुलाया जाता है, हालांकि एक्ट्रेस के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है, जिससे वो विदेश यात्रा नहीं कर सकती। वहीं अब कोर्ट ने इन सभी दलीलों को मानते हुए उन्होंने 31 मई से 6 जून तक विदेश यात्रा करने की मंजूरी दे दी है।

एक्ट्रेस को मुंबई एयरपोर्ट पर रोका था
आपको बता दें कि ईडी की तरफ से चल रही जांच के बाद एक्ट्रेस को पिछले साल दिसंबर में मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर देश से बाहर जाने से रोक दिया था। हाल ही में ईडी ने जैकलीन की 7.27 करोड़ रुपए की संपत्ति भी अटैच की थी। आरोप है कि ठग सुकेश चंद्रशेखर ने जैकलीन फर्नांडीज को ठगी के करोड़ों रुपए से गिफ्ट्स भेजे थे।












Click it and Unblock the Notifications