'मुझे गंदे तरीके से छुआ और फिर', Monalisa ने दर्ज कराई FIR, कर्ज में डूबे सनोज मिश्रा पर POCSO केस, क्या होगा?
Monalisa: महाकुंभ 2025 से वायरल हुईं मोनालिसा और फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा के बीच चल रहा विवाद अब गंभीर कानूनी मोड़ ले चुका है। दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है और अब ये मामला POCSO एक्ट के तहत दर्ज FIR तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया से लेकर न्यूज प्लेटफॉर्म तक ये मुद्दा तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है।
मोनालिसा ने सनोज मिश्रा के खिलाफ दर्ज की FIR
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मोनालिसा ने सनोज मिश्रा के खिलाफ POCSO (Protection of Children from Sexual Offences Act) के तहत शिकायत दर्ज कराई है। ये आरोप बेहद गंभीर माने जाते हैं, जिससे मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।

POCSO एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
मोनालिसा का दावा है कि फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' की शूटिंग के दौरान उनके साथ अनुचित व्यवहार किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि शूटिंग के दौरान निर्देशक ने कई बार उन्हें गलत तरीके से छुआ था।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गंभीर आरोप
कोच्चि में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोनालिसा ने खुलकर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था कि निर्देशक सनोज मिश्रा ने लगभग 10 बार उन्हें गलत तरीके से टच किया था। इतना ही नहीं, मोनालिसा ने ये भी दावा किया कि जब उन्होंने ये बात अपने परिवार को बताई तो उन्हें वहां से भी सपोर्ट नहीं मिला था। उनकी इस आपबीती ने मामले को और भी भावनात्मक और गंभीर बना दिया है।
शादी और लव जिहाद बयान से बढ़ा विवाद
-इस मामले ने तब और तूल पकड़ा जब मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर ली थी। इस शादी पर प्रतिक्रिया देते हुए सनोज मिश्रा ने इसे लव जिहाद बताया था, जिससे विवाद और गहरा हो गया था।
-हालांकि मोनालिसा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए साफ कहा है कि उन्होंने फरमान खान से प्यार के चलते शादी की है और इसमें किसी तरह की साजिश या एजेंडा नहीं है।
सनोज मिश्रा की प्रतिक्रिया और आर्थिक संकट का जिक्र
दूसरी तरफ सनोज मिश्रा भी इस पूरे विवाद के बीच खुद को मुश्किल हालात में बता रहे हैं। हाल ही में जारी एक वीडियो में डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने अपनी आर्थिक तंगी का जिक्र किया था और अपनी बात देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह तक पहुंचाने की अपील की थी। उनका कहना है कि वह इस विवाद के चलते मानसिक और आर्थिक, दोनों तरह से परेशान हैं।
महाकुंभ से फिल्म तक: कैसे शुरू हुई कहानी
-दिलचस्प बात ये है कि सनोज मिश्रा ने मोनालिसा को पहली बार महाकुंभ 2025 के मेले में देखा था, जहां से वह सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इसके बाद सनोज मिश्रा ने मोनालिसा को अपनी फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' की लीड एक्ट्रेस के तौर पर चुना था।
-मोनालिसा को सनोज मिश्रा ने नेपाल ले जाकर एक्टिंग की ट्रेनिंग दिलाई थी और पढ़ाई में भी मदद की थी। हालांकि समय के साथ दोनों के रिश्ते में खटास आ गई और अब मामला कानूनी लड़ाई में बदल चुका है।
विवाद अभी जारी, आगे क्या होगा?
फिलहाल ये मामला जांच के दायरे में है और दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात मजबूती से रख रहे हैं। POCSO जैसे गंभीर कानून के तहत दर्ज FIR के बाद आने वाले समय में इस केस में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में क्या सामने आता है और अदालत इस पूरे मामले पर क्या फैसला सुनाती है।












Click it and Unblock the Notifications