'आपको लगा कि हिंदू मूर्ख हैं', आदिपुरुष पर माफी मांगकर भी ट्रोल हुए मनोज मुंतशिर, यूजर्स सुना रहे खूब खरी-खोटी
रामायण पर आधारित फिल्म आदिपुरुष के बुरी तरह पिट जाने के बाद फिल्म के संवाद लेखक मनोज मुंतशिर ने अब जनता से माफी मांगी है। मनोज मुंतशिर ने कहा कि, आदिपुरुष फिल्म से जन भावनाएं आहत हुई हैं। मनोज मुंतशिर ने हाथ जोड़कर राम भक्तों से 'बिना शर्त' माफी मांगी है।
मनोज मुंतशिर का माफीनाम जनता को रास नहीं आया है और लेखक एक बार फिर ट्रोलर्स के निशाने पर आ गए हैं। मनोज मुंतशिर की सोशल मीडिया पर जमकर आलोचाएं हो रही है।

मनोज मुंतशिर के 08 जुलाई के सुबह ट्वीट किए जाने के बाद से #ManojMuntashir और #Adipurush टॉप ट्रेंड कर रहा है।
ट्रोलर्स के रिएक्शन जानने से पहले आइए जानें मनोज मुंतशिर ने माफीनामे में क्या लिखा। मनोज मुंतशिर ने ट्वीट कर लिखा, ''मैं स्वीकार करता हूं कि फिल्म आदिपुरुष से जन भावनाएं आहत हुईं हैं। अपने सभी भाइयों-बहनों, बड़ों, पूज्य साधु-संतों और श्री राम के भक्तों से, मैं हाथ जोड़ कर, बिना शर्त क्षमा मांगता हूं। भगवान बजरंग बली हम सब पर कृपा करें, हमें एक और अटूट रहकर अपने पवित्र सनातन और महान देश की सेवा करने की शक्ति दें!''
ट्रोलर्स के रिएक्शन
अजय प्रताप सिंह (@IAbhay_Pratap) नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, ''आपने माफी तब मांगी जब सारी अकड़ ढीली गई। जब पूरा देश आदिपुरुष पर आक्रोशित था तब आप बेशर्मी से आभार मेरे देश लिखकर कलेक्शन दिखा रहे थे। उसके बाद आदिपुरुष के मेकर्स व अपने अपराधों का बेशर्मी से बचाव कर रहे थे। आपको लगता था कि हिंदू समाज मूर्ख है। आपको महर्षि वाल्मीकि या तुलसी बाबा मानकर आपकी हर बात मान लेगा। लेकिन जब थिएटर से फिल्म उतर चुकी है, लागत भी नहीं निकाल पाई है तब आप माफी मांग रहे हैं। वैसे ये माफी आदिपुरुष में हुए अपराधों के लिए है या आपके आगे के प्रॉजेक्ट फ्लॉप न हो जाएं,, उससे बचने के लिए है?''
एक अन्य यूजर @drmerajhusain ने लिखा, ''जैसा बोओगे, वैसा काटोगे, तुम जो पिछले कुछ सालों से नफरत बो रहे थे और वो नफरत तुम्हें ही लील गई। बधाई हो।''
एक अन्य यूजर @CaptchauhanGR11 ने लिखा, ''बहुसंख्यको की आस्था के साथ पहले खिलवाड़ और करोड़ों रुपये कमा के और बाद में क्षमाप्रार्थी बन जाओ ,ये सही जुगाड़ हाथ लग गया है बॉलीवुड वालों के।''
एक अन्य यूजर @theskindoctor13 ने लिखा, ''काफी देर कर दी। जब फिल्म फ्लॉप हो गई, सिनेमा घर से उतरनी शुरू हो गई, जब खोने को कुछ और नहीं बचा, जब जनता का आक्रोश खुद ही ठंडा हो गया, तब माफी मांग रहे हो। यह काम तो फिल्म रिलीज होने के कुछ दिनों के भीतर ही होना चाहिए था लेकिन तब तो आप कलेक्शन गिनने और फिल्म का बचाव कर घाव पर नमक छिड़कने में व्यस्त थे। अब फिल्म की कमाई पूरी तरह थम गई है तो माफी मांग रहे हैं। खैर, देर आए, दुरुस्त आए।''
एक अन्य ट्विटर यूजर ने लिखा, ''ये काम तो पहले ही दिन करना चाहिए था , लेकिन तब तुम तो इंटरव्यू में ज्ञान दे रहे थे दुनिया को ये तो मास्टरपिस बना दिया है हमने।''
एक यूजर ने लिखा,''दुरुस्त नहीं आए, फटे हाल आए हैं तभी माफीनामें में इनकी चीखें निकल रही हैं।''
यूजर @Cryptic_Miind ने लिखा,''मनोज मुंतशिर को बिल्कुल भी अफसोस नहीं है, बात सिर्फ इतनी है कि आदिपुरुष अब सिनेमाघरों से बाहर है और वह अपनी अगली फिल्मों के प्रचार के लिए फिर से राइट विंग का समर्थन चाहते हैं।''
एक यूजर ने लिखा, ''कभी-कभी ऐसा होता है कि अच्छे लोग भी भटक जाते हैं। लेकिन आपका माफी मांगना यह साबित करता है कि भले ही आपसे किसी कारणवश गलती हुई हो, लेकिन आप सच्चे सनातनी हैं। भगवान राम आपको आशीर्वाद दें।''












Click it and Unblock the Notifications